समाज में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण-प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला
अंतिम सांस तक पत्रकार हितों के लिए लड़ूंगा-अवधेश भार्गव
प्रदेश में मजबूती से खड़ा हो रहा संगठन-उपेंद्र गौतम
Junaid Khan - शहडोल। श्योपुर (मध्यप्रदेश) लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, शासन और जनता के बीच सेतु बनाने तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से सामने रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकारों की इसी भूमिका, उनके अधिकारों और समस्याओं को लेकर भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ का प्रादेशिक एवं संभागीय सम्मेलन श्योपुर के जगन्नाथ धाम मैरिज गार्डन में जोश, एकजुटता और संघर्ष के संकल्प के साथ आयोजित हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं श्योपुर जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि समाज में पत्रकारों की भूमिका सदैव महत्वपूर्ण रही है। सकारात्मक सोच के साथ पत्रकार समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। पत्रकार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और जिले के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। पत्रकारिता के माध्यम से समाज में जागरूकता लाने तथा विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को गति देने में मीडिया की भूमिका अहम है।
अंतिम सांस तक पत्रकार हितों के लिए लड़ता रहूंगा-भार्गव
सम्मेलन में महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अवधेश भार्गव ने पत्रकारों की समस्याओं को शासन स्तर पर प्राथमिकता से निराकृत किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने पत्रकारों की एकजुटता को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पत्रकार हितों की लड़ाई जीवन की अंतिम सांस तक जारी रहेगी। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन की मजबूती और पत्रकार समाज के हित में एकजुट होकर कार्य करें।
प्रदेश में मजबूती से खड़ा हो रहा पत्रकार संगठन-उपेंद्र
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र गौतम ने सम्मेलन में पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं को प्रभारी मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में संगठन लगातार विस्तार कर रहा है और पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संगठन के सदस्यता अभियान की घोषणा करते हुए बताया कि 15 सितंबर से प्रदेशभर में सदस्यता अभियान प्रारंभ किया जाएगा। प्रदेश सदस्यता अभियान का प्रभारी सत्यनारायण वैष्णव एवं सह-प्रभारी राहुल सिंह राणा राजगढ़ को बनाया। सम्मेलन में पत्रकारों की 15 सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष सत्यनारायण वैष्णव द्वारा पढ़ा गया। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष एवं महासंघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला को सौंपा गया।
श्योपुर में निकली पत्रकारों की रैली
सम्मेलन से पूर्व पत्रकारों द्वारा श्योपुर शहर में रैली भी निकाली गई। रैली के माध्यम से पत्रकारों की एकजुटता, अधिकारों और संगठन की मजबूती का संदेश दिया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न संभागों एवं जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल हुए। कार्यक्रम में श्योपुर के वरिष्ठ पत्रकार सैय्यद अख्तर अली, गोपाल शर्मा, विष्णु चौरसिया एवं ओमप्रकाश भारद्वाज को सम्मानित किया गया। महासंघ की ओर से प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला सहित सभी अतिथियों और पत्रकार साथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
प्रदेशभर से उमड़ा पत्रकारों का सैलाब
सम्मेलन में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से पत्रकारों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। संगठन प्रभारी मध्यप्रदेश, राहुल सिंह राणा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप शाह, नेशनल काउंसलर रामविलास शर्मा, मनोज सिंह शहडोल, अनिल द्विवेदी शहडोल, रामबाबू चौबे अनूपपुर, अनुशासन समिति सदस्य अशोक शर्मा अशोक नगर, सत्यनारायण वैष्णव, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार द्विवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष राधाकृष्ण सिंहल, प्रदेश महासचिव रामगोपाल बंसल, प्रदेश कोषाध्यक्ष घनश्याम डंडोतिया, प्रदेश सचिव जुनैद खान एवं घनश्याम शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे। चंबल संभाग अध्यक्ष गणेश भारद्वाज, भोपाल संभाग अध्यक्ष नागेश जोशी, शहडोल संभाग अध्यक्ष विजय उमरलिया, संभागीय कार्यकारी अध्यक्ष हारून रसीद खान, संभागीय महासचिव अखिलेश मिश्रा, उपाध्यक्ष नीलेश सोनी एवं गणेश केवट, सचिव जितेंद्र विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष राजन त्रिपाठी सहित विभिन्न संभागों और जिलों के पदाधिकारियों ने सम्मेलन में सहभागिता की। शहडोल जिले से जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र तिवारी, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप रंजन वर्मा, महिला जिला संयोजक सुश्री सुनीता सिंह, ब्लॉक इकाई, सोहागपुर अध्यक्ष अजय केवट, सुनील द्विवेदी ब्लॉक अध्यक्ष जयसिंहनगर, राम राज गुप्ता ब्लॉक महासचिव ब्यौहारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथियों ने सम्मेलन में भाग लिया। इसके अलावा मुरैना, सबलगढ़, अशोकनगर, विदिशा, भिंड, इंदौर, सीहोर, शाजापुर, नरसिंहपुर, मैहर, अनूपपुर सहित प्रदेश के अनेक क्षेत्रों से पत्रकार सम्मेलन में पहुंचे।
संगठन ही पत्रकारों की सामूहिक ताकत
सम्मेलन का सबसे महत्वपूर्ण संदेश यही रहा कि पत्रकारों की व्यक्तिगत आवाज को संगठन सामूहिक शक्ति में बदलता है। पत्रकार जब संगठित होकर अपने अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और समस्याओं को शासन के सामने रखते हैं, तो उनकी मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने की क्षमता कई गुना बढ़ जाती है। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार महासंघ का यह सम्मेलन इसी सामूहिक शक्ति का उदाहरण बना। मंच से पत्रकारों की समस्याओं को उठाने के साथ संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी संघर्ष की दिशा भी तय की गई। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष राधाकृष्ण सिंहल, राहुल सिंह राणा एवं आदित्य सिंह चौहान ने किया। सम्मेलन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और सैकड़ों पत्रकारों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप प्रदान किया। सम्मेलन ने दिया स्पष्ट संदेश पत्रकार अकेला नहीं, संगठन उसके साथ है. श्योपुर का यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक आयोजन बनकर नहीं रहा, बल्कि पत्रकार हितों की आवाज को संगठित और मजबूत करने का मंच बना। पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, अधिकारों की रक्षा, सम्मान और सुरक्षा के लिए सामूहिक संघर्ष का संकल्प सम्मेलन में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। रैली से लेकर सम्मेलन और 15 सूत्रीय मांगों के ज्ञापन तक श्योपुर से पत्रकार एकता और संगठन की मजबूती का संदेश पूरे मध्यप्रदेश में गूंजा।



