वार्ड 14 में तालाब की जल निकासी जल्द होगी दुरुस्त सीएमओ ने किया मैदानी निरीक्षण, ओवरफ्लो मार्ग तत्काल खुलवाने के निर्देश
Junaid Khan - शहडोल। 06 सितंबर 2026। नगर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित जय स्तंभ चौक के पास तालाब में लगातार बढ़ रहे जलस्तर की सूचना पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने रविवार को मौके पर पहुंचकर वार्ड का मैदानी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तालाब के ओवरफ्लो पानी की निकासी का रास्ता जाम पाया गया, जिसके कारण पानी की निकासी प्रभावित होने से तालाब में जलभराव की स्थिति बन रही थी। वार्ड पार्षद संजीव प्रताप सिंह एवं स्थानीय वार्डवासियों द्वारा तालाब में पानी बढ़ने और निकासी व्यवस्था प्रभावित होने की जानकारी दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने मौके पर पहुंचकर पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तालाब के ओवरफ्लो मार्ग को तत्काल खुलवाने के निर्देश दिए, ताकि अतिरिक्त पानी की निकासी सुचारु रूप से हो सके और आसपास जलभराव की स्थिति न बने। सीएमओ ने निरीक्षण के दौरान वार्ड की गलियों, कच्ची सड़कों और जल निकासी व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रही समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने स्थानीय वार्डवासियों से भी चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद संजीव प्रताप सिंह, नगर पालिका कार्यालय अधीक्षक मयंक मिश्रा, मुकेश जेठानी सहित वार्डवासी उपस्थित रहे।

