दूध एवं डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए 25 से अधिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

09 नमूने जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए, मौके पर इंस्टेंट किट से की गई प्राथमिक जांच



Junaid Khan - शहडोल। 05 सितंबर 2026 आयुक्त एवं नियंत्रक खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के आदेशानुसार दूध एवं अन्य डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल के निर्देश एवं अभिहित अधिकारी शहडोल डॉ. राजेश मिश्रा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी वाजिद मोहिब एवं टीम द्वारा बुढ़ार, धनपुरी, जैतपुर, ब्यौहारी एवं शहडोल क्षेत्र में 25 से अधिक डेयरी एवं अन्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। कार्रवाई के दौरान दूध, पनीर एवं खोआ सहित अन्य डेयरी उत्पादों के 09 नमूने एकत्र कर विस्तृत जांच हेतु राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों में दूध की स्पॉट टेस्टिंग की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वाजिद मोहिब की मौजूदगी में इंस्टेंट टेस्टिंग किट के माध्यम से मौके पर ही दूध में शुगर, यूरिया, सोप एवं स्टार्च की प्राथमिक जांच की गई। प्राथमिक जांच में नमूनों में किसी प्रकार की रासायनिक मिलावट नहीं पाई गई।

इन प्रतिष्ठानों का हुआ निरीक्षण: जिन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, उनमें आराधना फ्रेश मिल्क एंड स्वीट्स, क्षीरसागर डेयरी एंड मिल्क, गुरुनानक डेयरी, गोकुल डेयरी, घमंडी डेयरी, अभिषेक डेयरी, गहरवाल डेयरी, गुरूकृपा डेयरी, आनंद डेयरी, कामधेनु डेयरी फार्म, जनार्दन डेयरी, गौरव डेयरी, बबलू डेयरी, राजघराना स्वीट्स एंड डेयरी, पंजाब डेयरी, भोला होटल (जैतपुर), मिठास (बुढ़ार), सूर्या डेयरी, कृष्णा डेयरी, शिवरी डेयरी, अजय डेयरी (ब्यौहारी), शिवालय होटल, अमन डेयरी एवं महालक्ष्मी डेयरी सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया कि मौके पर की गई जांच केवल प्राथमिक जांच है। प्रयोगशाला भेजे गए नमूनों की विस्तृत जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Previous Post Next Post