ऑर्केस्ट्रा झंकार म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति में महिला गायकों का रहा दबदबा, नई प्रतिभाओं को मिला मंच
Junaid Khan - शहडोल। ऑर्केस्ट्रा झंकार म्यूजिकल ग्रुप, शहडोल के तत्वावधान में “सदाबहार नगमे एक यादगार संगीत संध्या” का आयोजन उत्साह एवं संगीतमय माहौल के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल 42 गायकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसमें 26 महिला एवं 16 पुरुष गायक शामिल रहे। मंच पर नई प्रतिभाओं ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं का मन मोह लिया और पुराने तथा नए लोकप्रिय गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। संगीत संध्या में महान पार्श्व गायकों के सदाबहार नगमों की विशेष प्रस्तुति दी गई। इसमें मोहम्मद रफी, मुकेश, किशोर कुमार, कुमार सानू, उदित नारायण, लता मंगेशकर और आशा भोसले सहित अन्य प्रसिद्ध गायकों के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में प्रत्येक प्रतिभागी ने एक सोलो एवं एक डुएट गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को दो चरणों में आयोजित किया गया
प्रथम चरण में सोलो राउंड तथा दूसरे चरण में डुएट राउंड हुआ। सभी प्रतिभागियों ने कराओके ट्रैक के माध्यम से गीतों की प्रस्तुति दी। विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
नई गायन प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य संगीत प्रेमियों को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ नई गायन प्रतिभाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर देना है। कार्यक्रम में पुराने सदाबहार गीतों के साथ नई पीढ़ी के लोकप्रिय गीतों का भी सुंदर समावेश देखने को मिला।
ग्रुप डायरेक्टर्स ने सभी नए प्रतिभाओं को बधाई दी
कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्रुप डायरेक्टर्स क्रिस्टी अब्राहम, झंकार बर्मन एवं उमा मधुकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। क्रिस्टी अब्राहम एंकर एवं सिंगर हैं, जबकि झंकार बर्मन एंकर एवं सिंगर के साथ छत्तीसगढ़ी फिल्मों में अपनी आवाज दे रहे हैं। वहीं उमा मधुकर भी एंकर एवं सिंगर के रूप में सक्रिय हैं तथा छत्तीसगढ़ी फिल्मों के लिए अपनी आवाज दे रही हैं। संगीत संध्या के समापन पर आयोजकों ने सभी गायकों, संगीत प्रेमियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की भावनाओं को इन शब्दों में व्यक्त किया गया सुर वही…एहसास वही… बस एक खूबसूरत शाम आपके नाम।
