एसपी के औचक निरीक्षण से महकमे में हड़कंप,कड़े तेवर देख अपराध और लापरवाही करने वालों की उड़ी नींद

जन विश्वास अभियान के तहत कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने का बड़ा संदेश, लंबित शिकायतों और अवैध गतिविधियों पर दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश


Junaid Khan - शहडोल। प्रदेश में सुशासन और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के तहत जिला पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने खैरहा थाना और दामिनी भूमिगत खदान का सघन औचक निरीक्षण कर पूरे प्रशासनिक अमले में हलचल मचा दी है। औचक निरीक्षण के दौरान एसपी के सख्त और स्पष्ट तेवरों से साफ हो गया है कि जनता की समस्याओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और क्षेत्र में अवैध कारोबार या अपराध फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसपी के इस जमीनी निरीक्षण और चुस्त-दुरुस्त कार्यशैली की जनमानस, स्थानीय प्रशासन एवं राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने खैरहा थाने के एक-एक पहलू की गहन समीक्षा की। उन्होंने थाने के आधिकारिक रिकॉर्ड, परिसर की साफ-सफाई और पुलिसकर्मियों के टर्नआउट का बारीक अवलोकन किया। कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने थाना प्रभारी एवं उपस्थित पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। एसपी ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से संबंधित लंबित शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और शिकायतकर्ता की पूर्ण संतुष्टि के अनुरूप निराकरण होना चाहिए। इसमें किसी भी तरह की देरी या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में अवैध गतिविधियों, नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि के लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त दंडात्मक कदम उठाने की हिदायत दी। थाने के निरीक्षण के पश्चात पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा के लिहाज से अति-संवेदनशील खैरहा थाना क्षेत्र स्थित दामिनी भूमिगत खदान की मैगजीन (विस्फोटक भंडारण गृह) की सुरक्षा व्यवस्था का भी प्रत्यक्ष जायजा लिया। संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में सेंध की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता, सुरक्षा गार्डों की चौबीसों घंटे तैनाती और स्टॉक रजिस्टर की एंट्री का मिलान कर सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया। एसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि विस्फोटक सामग्री और खदान सुरक्षा से जुड़े तमाम कड़े मानकों का हर हाल में शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। पुलिस कप्तान की इस मुस्तैदी और जिम्मेदार कार्यशैली से जहां आम नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और सुदृढ़ हुआ है, वहीं कानून को ठेंगा दिखाने वाले तत्वों के हौसले पस्त हो गए हैं।

Previous Post Next Post