अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजा बांधवगढ़ का इकोटूरिज्म मॉडल

अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजा बांधवगढ़ का इकोटूरिज्म मॉडल 


Junaid Khan - शहडोल। 07 सितंबर 2026 नई दिल्ली में आयोजित अंतरराष्ट्रीय टाइगर लैंडस्केप कार्यशाला में मध्यप्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के इकोटूरिज्म एवं सामुदायिक सहभागिता मॉडल की सराहना की गई। कार्यशाला का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय बिग कैट अलायंस (IBCA), एशियाई विकास बैंक (ADB) तथा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA), पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला के दूसरे दिन इकोटूरिज्म एवं सामुदायिक भागीदारी होम-स्टे, गाइडिंग, रेवेन्यू-शेयरिंग एवं विजिटर मैनेजमेंट मॉडल’’ विषयक सत्र में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय, IFS को विशेषज्ञ पैनलिस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया। सत्र की अध्यक्षता मध्यप्रदेश के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख श्री शुभरंजन सेन, IFS ने की। डॉ. सहाय ने बांधवगढ़ के इकोटूरिज्म मॉडल की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षित स्थानीय गाइड एवं वाहन चालक पर्यटकों को वन्यजीव दर्शन के साथ संरक्षण के प्रति जागरूक भी करते हैं। पर्यटन से प्राप्त आय में स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मध्यप्रदेश के टाइगर रिजर्वों में पर्यटन राजस्व की एक-तिहाई राशि स्थानीय समुदाय तक पहुंचाने की व्यवस्था का उदाहरण भी प्रस्तुत किया गया। होम-स्टे, जिप्सी संचालन, स्थानीय खान-पान, गाइडिंग तथा होटल-रिसॉर्ट में रोजगार के माध्यम से पर्यटन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी दी गई।

Previous Post Next Post