प्रथम किश्त जारी हो चुके कार्य अक्टूबर तक पूर्ण कराएं, अन्यथा होंगे निरस्त
Junaid Khan - शहडोल। 10 सितम्बर 2026- कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने जिला खनिज मद से स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के लिए प्रथम किश्त की राशि जारी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में संबंधित कार्यों को निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर श्री जायसवाल ने पूर्ण हो चुके कार्यों के पूर्णता प्रमाण-पत्र संबंधित विभागों द्वारा शीघ्र जमा कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिला खनिज मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में जिला खनिज मद के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों के लिए लागू नई गाइडलाइन की जानकारी भी संबंधित अधिकारियों द्वारा दी गई। इस दौरान उच्च प्राथमिकता एवं अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में जिला खनिज मद से कराए जाने वाले कार्यों के संबंध में भी जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
