खेल में हार-जीत सिक्के के दो पहलू, खेलोगे-कूदोगे तो बनेगी पहचान-विधायक मनीषा सिंह

शहडोल जिला खेलों के साथ-साथ गोंडी पेंटिंग एवं काष्ठ कला में भी बना रहा है पहचान-विधायक

बालक वर्ग में जबलपुर विजेता, उज्जैन उपविजेता एवं भोपाल तृतीय तथा बालिका वर्ग में इंदौर विजेता, शहडोल उपविजेता एवं उज्जैन तृतीय 


Junaid Khan - शहडोल। 19 सितम्बर 2026- 70वीं शालेय राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026-27 के अंतर्गत 17 वर्ष आयु वर्ग बालक एवं बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन समारोह गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल मैदान में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 16 सितम्बर 2026 को इसी प्रांगण में हुआ था। समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक जयसिंहनगर श्रीमती मनीषा सिंह, सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, नगर पालिका परिषद शहडोल अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती फूलमती सिंह, जनपद पंचायत सोहागपुर अध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, श्री संतोष लोहानी, संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेष धुर्वे, एसडीएम सोहागपुर श्री भागीरथ लहरे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश मिश्रा, क्रीड़ा अधिकारी श्री पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अतुल चौधरी, सहायक आयुक्त जानजातीय कार्य विभाग श्री आनन्द राय सिन्हा, डीपीसी श्री अमरनाथ सिंह, सहायक संचालक खेल श्री रईस अहमद, बास्केटबाल के राष्ट्रीय कोच श्री केके श्रीवास्तव, सुदर्शन मिश्रा, कान्वेन्ट स्कूल की प्राचार्य लीना रोज, वीरेन्द्र श्रीवास्तव, अभिषेक चौकसे, विनय केवट, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, टीम मैनेजर, कोच एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि खेल में हार-जीत सिक्के के दो पहलू हैं। खेलोगे-कूदोगे तो पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि शहडोल जिला खेलों के साथ-साथ गोंडी पेंटिंग एवं काष्ठ कला के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

10 टीमों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा 

जिला शिक्षा अधिकारी श्री अतुल चौधरी द्वारा प्रस्तुत प्रतियोगिता प्रतिवेदन में बताया गया कि प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 9 संभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग की एक टीम सहित कुल 10 टीमों ने सहभागिता की। इन टीमों को दो पूल ए एवं बी में विभाजित किया गया। प्रत्येक टीम ने 4 लीग मैच खेले। इस प्रकार कुल 40 लीग मैच आयोजित हुए। लीग मैचों में शीर्ष पर रहने वाली 2-2 टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया तथा इनके बीच 4 सेमीफाइनल मैच खेले गए। सेमीफाइनल की विजेता टीमों ने फाइनल में अपनी जगह बनाई। प्रतियोगिता के बालक वर्ग में जबलपुर संभाग ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि उज्जैन संभाग द्वितीय एवं भोपाल संभाग तृतीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में इंदौर संभाग ने प्रथम, शहडोल संभाग ने द्वितीय तथा उज्जैन संभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

240 खिलाड़ियों और 44 टीम मैनेजर एवं कोच ने लिया हिस्सा 

प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों से आए कुल 240 प्रतिभागी खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा 44 टीम मैनेजर एवं कोच, प्रतियोगिता संपन्न कराने के लिए 21 स्टेट ऑफिशियल्स एवं रेफरी तथा विभिन्न विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 15 समितियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, नगर पालिका एवं मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के कर्मचारियों द्वारा भी प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक मैच रोमांच से भरपूर रहा। खिलाड़ियों ने अपने हुनर, तकनीकी दक्षता एवं खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित किया। विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी आपसी सामंजस्य, खेल भावना तथा शहडोल में बिताए चार दिनों की मधुर स्मृतियां लेकर अपने-अपने स्थानों के लिए रवाना हुए।

व्यवस्थाओं की टीम मैनेजर एवं कोच ने की सराहना

प्रतियोगिता में शामिल टीमों के जनरल मैनेजर भोपाल संभाग श्री के.एस. ठाकुर, जबलपुर संभाग की श्रीमती माधुरी शर्मा तथा रीवा संभाग टीम के कोच श्री अरुण प्रकाश मिश्रा ने प्रतियोगिता के दौरान की गई व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए भोजन, आवास, परिवहन, खेल मैदान, बिजली, पानी एवं साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बताया। रीवा संभाग से प्रतियोगिता में शामिल हुई खिलाड़ी परी मिश्रा ने भी शहडोल में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां उन्हें घर में मां-बाप के साथ रहने जैसा माहौल मिला।

15 वर्षों से बास्केटबॉल में शहडोल ने बनाई पहचान

समारोह में बताया गया कि शहडोल संभाग ने विगत 15 वर्षों से बास्केटबॉल खेल में अपनी अलग पहचान बनाई है। विगत चार वर्षों से शहडोल संभाग की टीम प्रदेश स्तर पर विजेता या उपविजेता रही है। गत वर्ष 2025-26 में भी शहडोल को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का अवसर प्राप्त हुआ था। समापन समारोह में शहडोल से राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल में पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों का उल्लेख करते हुए बताया गया कि श्री पंकज सिंह नेशनल खिलाड़ी वर्तमान में इंदौर टीम के साथ कोच के रूप में प्रतियोगिता में सहभागी हैं। वर्ष 2014 में इंदौर में आयोजित नेशनल स्तर की प्रतियोगिता में उन्हें गोल्ड मेडल प्राप्त हुआ था। भारत सरकार द्वारा उन्हें सहारा इंडिया स्पोर्ट्स अवॉर्ड के लिए नामांकन भी भेजा गया था। इसी प्रकार श्री दीपक पथेर वर्ष 2009, 2013 एवं 2014 में राष्ट्रीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए तथा वर्ष 2015 में उन्हें इंडियन एयरफोर्स में स्पोर्ट्स कोटे से नियुक्ति मिली। वे वर्तमान में इंडियन एयरफोर्स में सेवारत हैं। इसके अलावा निशामुक्त द्विवेदी, लक्ष्मण बघा, हर्ष श्रीवास्तव, हविता श्रीवास्तव सहित अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर शहडोल का प्रतिनिधित्व किया है। शहडोल के श्री शिवराम द्विवेदी एवं श्री के.के. श्रीवास्तव बास्केटबॉल के नेशनल कोच एवं टीम सेलेक्टर हैं।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मिला सम्मान

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए बालक वर्ग में जबलपुर के सत्यांश तिवारी तथा बालिका वर्ग में इंदौर की पावनी दुबे को बेस्ट प्लेयर घोषित किया गया। बेस्ट शूटर बालक वर्ग में उज्जैन के यश यादव एवं बालिका वर्ग में शहडोल की आशी गुप्ता रहीं। बेस्ट डिफेंडर बालक वर्ग में भोपाल के अंशुल तथा बालिका वर्ग में शहडोल की कृपा गुप्ता को घोषित किया गया। समापन समारोह में अतिथियों द्वारा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के महाप्रबंधकों एवं खिलाड़ियों को मेडल, प्रतीक चिन्ह तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही शहडोल संभाग के राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल खेल में पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

आत्मरक्षा की विधा लाठी चालन का किया प्रदर्शन

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं द्वारा आत्मरक्षा की विधा लाठी चालन का शानदार प्रदर्शन किया गया। प्रशिक्षक श्री प्रमोद विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में तैयार की गई छात्राओं ने लाठी चालन के विभिन्न कौशल एवं तकनीकों का प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया। छात्राओं के आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की उपस्थितजनों ने सराहना की। कार्यक्रम को नगर पालिका अध्यक्ष श्री घनश्याम दास जायसवाल एवं श्री संतोष लोहानी ने भी संबोधित किया। संयुक्त संचालक शिक्षा श्री उमेश धुर्वे ने आभार व्यक्त किया तथा जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अशासकीय गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल की प्राचार्य श्रीमती लीना रोज के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए विद्यालय परिसर उपलब्ध कराया।

Previous Post Next Post