सड़क निर्माण शुरू, बाउंड्री वॉल का कार्य पूर्ण, विद्यार्थियों की सुविधाओं से जुड़ी मांगों पर भी हुई कार्रवाई
Junaid Khan - शहडोल। जैतपुर शहडोल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) शहडोल द्वारा शासकीय महाविद्यालय जैतपुर में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर पूर्व में प्रशासन के समक्ष ज्ञापन सौंपकर मांगें रखी गई थीं। परिषद द्वारा महाविद्यालय तक पक्की सड़क, परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल, खेल मैदान, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, गर्ल्स गार्डन, प्रयोगशाला सहित विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई थी। परिषद द्वारा रखी गई मांगों के बाद महाविद्यालय में विकास कार्य प्रारंभ हुए हैं। महाविद्यालय तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है तथा परिसर की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी पूर्ण किया जा चुका है। इससे विद्यार्थियों को आवागमन एवं परिसर की सुरक्षा संबंधी सुविधाओं में सुधार मिलने की उम्मीद है।
अभाविप ने कहा कि विद्यार्थी हित में उठाई गई मांगों पर प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई स्वागत योग्य है। परिषद का उद्देश्य किसी भी प्रकार का विवाद खड़ा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अभाविप ने कहा कि जिन मांगों पर कार्यवाही प्रारंभ हो चुकी है, उन्हें पूर्ण रूप से धरातल पर उतारने के साथ शेष कार्यों को भी शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शहडोल ने विद्यार्थी हित में की गई कार्रवाई के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
