कोई कार्य कठिन नहीं, जरूरत सिर्फ मन से मेहनत करने की

उमंग दिवस का आयोजन, क्विज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित 


Junaid Khan - शहडोल। 23 सितम्बर 2026- शासकीय हाई स्कूल पुलिस लाइन शहडोल में उमंग दिवस का आयोजन उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम प्रभारी एवं राज्य स्तरीय प्रशिक्षक श्रीमती संपूर्णा शुक्ला ने उमंग दिवस के आयोजन के उद्देश्य की जानकारी देते हुए किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, तनाव प्रबंधन तथा नशे की लत जैसी समस्याओं से बचाव के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन परिस्थितियों का सामना किस प्रकार किया जाए और व्यवहारिक जीवन में सकारात्मक रूप से उनका उपयोग कैसे किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा वित्तीय प्रबंधन, तनाव प्रबंधन एवं संवाद कौशल जैसे विषयों पर नाटक प्रस्तुत किए गए। पुलिस विभाग से सब इंस्पेक्टर श्रीमती वर्षा बैगा ने विद्यार्थियों से उमंग विषय पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य कठिन नहीं होता, आवश्यकता केवल मन लगाकर मेहनत करने की है। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल की बढ़ती लत से दूरी बनाने तथा पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने से विद्यार्थी जीवन में ऊंचे पदों पर पहुंच सकते हैं। श्रीमती जय नंदिनी तिवारी ने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता एवं संतुलित आहार के संबंध में विद्यार्थियों को जानकारी प्रदान की। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सावित्री शुक्ला ने संवाद कौशल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में संवाद का महत्वपूर्ण स्थान है। संवाद के अभाव में कई बातें मन में रह जाती हैं, जिनका निराकरण नहीं हो पाता और इससे तनाव उत्पन्न होता है। तनाव का स्वास्थ्य पर भी प्रभाव पड़ता है। इसलिए बच्चों के समग्र विकास के लिए प्रभावी संवाद आवश्यक है। कार्यक्रम में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर महिला थाना से श्रीमती प्रतिभा शर्मा, श्री संजय उपाध्याय, आरकेएस, श्री शमशीर अली सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post