कानून का शिकंजा,सोहागपुर में युवक को खुदकुशी के लिए मजबूर करने वाले तीन दबंग गिरफ्तार, पुलिस की मुस्तैदी से न्याय की जगी आस

मुख्य बिंदु,मई माह में सोहागपुर बस स्टैंड के पास हुई मारपीट से आहत युवक ने की थी आत्महत्या,पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोचा


Junaid Khan - शहडोल। मध्यप्रदेश में अपराधियों पर नकेल कसने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की दिशा में मोहन सरकार व पुलिस प्रशासन की त्वरित व सख्त कार्यप्रणाली की एक और नजीर सामने आई है। सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तीन माह पूर्व एक युवक के साथ बीच सड़क पर हुई गंभीर मारपीट और उसके बाद आहत होकर आत्मघाती कदम उठाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने पूरी तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया है। सोहागपुर पुलिस की इस त्वरित व मुस्तैद कार्रवाई से जहाँ क्षेत्र में शांति का माहौल बना है, वहीं आम जनता में पुलिस प्रशासन की निष्पक्ष व सख्त कार्यशैली पर भरोसा और मजबूत हुआ है। प्राप्त विवरण के अनुसार, मई माह में सोहागपुर बस स्टैंड के पास मेन रोड पर स्थित एक होटल के सामने अमित सिंह गोंड नामक युवक का स्थानीय दबंगों से मामूली बात पर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने सरेराह अमित के साथ गंभीर मारपीट कर दी, जिससे मानसिक रूप से आहत होकर उसने घर पहुंचकर फांसी लगा ली। मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देशन में मर्ग कायम कर निष्पक्ष जांच शुरू की गई। परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि रोहित श्रीवास्तव, शुभम श्रीवास्तव और छोटू उर्फ हेमंत सोनवानी की प्रताड़ना से तंग आकर ही युवक ने आत्महत्या जैसा घातक कदम उठाया था। अपराध दर्ज होते ही तीनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सोहागपुर पुलिस ने सख्त घेराबंदी की। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए आखिरकार पुलिस टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई और बुधवार को तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया। जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आपराधिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। शासन व पुलिस की इस कार्रवाई से जहाँ पीड़िता परिवार को न्याय मिला है, वहीं अपराधियों में प्रशासन का खौफ साफ देखने को मिल रहा है।

Previous Post Next Post