जिले में प्रारंभ हुआ 9वां राष्ट्रीय पोषण माह अभियान
Junaid Khan - शहडोल। 09 सितम्बर 2026- जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का आयोजन 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर चलाया जाएगा। शहडोल जिले के जनपद पंचायत सोहागपुर में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह-2026 का शुभारंभ किया गया। शुभारंभ कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान में स्थानीय एवं मौसमी खाद्य पदार्थों, पर्याप्त प्रोटीन, आहार विविधता, बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का शत-प्रतिशत लाभ दिया जाएगा। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अखिलेष मिश्रा ने बताया कि पोषण माह के दौरान 11 सितंबर से शारीरिक माप दिवसों का आयोजन कर जन्म से 6 वर्ष तक के बच्चों का वजन, लंबाई/ऊंचाई सहित आवश्यक शारीरिक माप लेकर पोषण ट्रैकर में प्रविष्टि की जाएगी। गंभीर तीव्र कुपोषण, मध्यम तीव्र कुपोषण और गंभीर रूप से कम वजन वाले श्रेणी के बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जाएगा। नवीन चिन्हित बच्चों का ब-ड।ड प्रोटोकॉल में पंजीयन कर साप्ताहिक फॉलोअप किया जाएगा। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस के दौरान कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यकता वाले बच्चों का समय पर रेफरल सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पोषण पुनर्वास केन्द्र से उपचार के बाद लौटे बच्चों का भी नियमित फॉलोअप किया जाएगा। 6 से 60 माह के गंभीर तीव्र कुपोषण बच्चों की भूख की जांच कर आवश्यकता अनुसार उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराया जाएगा। अभियान में गर्भावस्था से बच्चे के जीवन के पहले 1000 दिनों तक पर्याप्त पोषण, स्तनपान, शिशु देखभाल और संवेदनशील पालन पोषण पर विशेष परामर्श दिया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा संशोधित गृह भेंट मॉड्यूल के अनुसार 0 से 3 वर्ष के बच्चों वाले परिवारों से संपर्क कर बच्चों के वृद्धि-विकास, प्रारंभिक उद्दीपन और खेल आधारित गतिविधियों के संबंध में अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।पोषण माह के दौरान पोषण मेले एवं रेसिपी प्रदर्शनियां भी लगाई गई एवं पोषण किट का वितरण भी किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती हीरावती कोल, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग श्री डीके सिद्वार्थ, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहें।


