बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक निकलेगा मार्च, जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में सड़क की बदहाली के खिलाफ उठेगी आवाज
Junaid Khan - शहडोल। शहर की जर्जर और बदहाल सड़कों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल द्वारा 05 सितंबर, शनिवार को दोपहर 12 बजे पैदल मार्च एवं जनआंदोलन किया जाएगा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी के नेतृत्व में कांग्रेसजन एवं आम नागरिक नए बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक पैदल मार्च निकालकर सड़क निर्माण में हो रही देरी के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने कहा कि नए बस स्टैंड से इंदिरा चौक तक सड़क को खोद दिए जाने के बाद लंबे समय से निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आम नागरिकों, राहगीरों और स्थानीय रहवासियों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। धूल, कीचड़, गड्ढों और अव्यवस्थित यातायात के कारण दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। उन्होंने कहा कि सड़क की दुर्दशा का सीधा असर स्थानीय व्यापारियों पर पड़ रहा है। आवागमन बाधित होने के कारण दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है और व्यापार पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। शहर की प्रमुख सड़क की ऐसी स्थिति शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है, शहर की सड़कों की बदहाली को लेकर शासन-प्रशासन को जवाब देना होगा और आम जनता को राहत देने के लिए सड़क निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कर समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पैदल मार्च केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि शहर की बदहाल सड़कों से परेशान आम नागरिकों और व्यापारियों की आवाज है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी ने सभी कांग्रेसजनों, प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारीगण, स्थानीय रहवासियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पैदल मार्च एवं जनआंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
