सर्वदलीय पार्षद मंच ने कहा,जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता, आवश्यक सामग्री एवं कार्यों में तेजी की मांग
Junaid Khan - शहडोल। नगर पालिका शहडोल के समस्त पार्षद मंच द्वारा बुधवार को शहर के विकास कार्यों एवं वार्डों की मूलभूत समस्याओं को लेकर कमिश्नर महोदया को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान विभिन्न दलों के पार्षद एकजुट होकर नगर विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को लेकर कमिश्नर महोदया के समक्ष अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं। पार्षदों ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कई कार्य प्रभावित हो रहे हैं। वार्डों में हैंडपंप सामग्री, स्ट्रीट लाइट सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता नहीं होने के कारण नागरिकों की समस्याओं का समय पर निराकरण कराने में पार्षदों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पार्षदों ने कहा कि जनता ने विश्वास के साथ उन्हें अपने वार्ड का प्रतिनिधि चुना है और उनसे विकास कार्यों की अपेक्षा रखती है। लेकिन आवश्यक सामग्री एवं कार्यों की प्रक्रिया में आ रही बाधाओं के कारण पार्षदों के लिए अपने वार्डों में विकास कार्य कराना और जनता की समस्याओं का समाधान कराना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। ज्ञापन में ई देवेंद्र कोल द्वारा टी एस ना देनें से टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है जिससे वार्ड विकास का रुके हुए लंबित विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने, आवश्यक सामग्रियों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा टेंडर एवं अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं का निराकरण करने की मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि शहडोल शहर के विकास और जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराना है। सर्वदलीय पार्षद मंच ने कमिश्नर महोदया से मांग की कि जनहित से जुड़े इन विषयों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए नगर विकास कार्यों को गति प्रदान की जाए, ताकि पार्षद अपने-अपने वार्डों में जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करा सकें। पार्षदों ने एक स्वर में कहा,जनता का विश्वास हमारी जिम्मेदारी है और शहर का विकास हमारी प्राथमिकता है।
