खाद्य प्रतिष्ठानों का किया गया निरीक्षण,लिए गए सेम्पल
Junaid Khan - शहडोल। 18 अक्टूबर 2026 कलेक्टर शहडोल श्री पार्थ जायसवाल के निर्देश खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु खाद्य सुरक्षा प्रशासन शहडोल द्वारा लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कार्रवाई की जा रही है। इसी अनुक्रम में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब द्वारा सुभाष मिष्ठान भंडार (धनपुरी), शिवालय रेस्टोरेंट, अमन मिष्ठान भंडार, पंकज किराना स्टोर, प्रमोद किराना स्टोर एवं हरि ओम किराना स्टोर (ब्यौहारी) से दूध, दही, खोवा, मिठाई तथा किराना दुकानों से हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, सरसों तेल, लाल मिर्च पाउडर, वाइटल तेल, खड़ी हल्दी, गुड़, शक्कर व अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच की गई एवं आम नागरिकों के लिए जागरूकता व प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। ऑन-स्पॉट जांच में सभी नमूने सही पाए गए। शहडोल में विशाल मेगा मार्ट, तिरुपति ट्रेडर्स, आदर्श किराना का निरीक्षण कर नूडल्स, काजू, बादाम और घी के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजे गए। विराट इंडस्ट्रीज व महाकाल सॉर्टेक्स का निरीक्षण किया गया तथा कमियां मिलने पर सुधार नोटिस दिया जा रहा है।
धनपुरी में किराना दुकानों की जांच के दौरान रजिस्ट्रेशन न मिलने पर प्रकरण बनाए गए। जितेंद्र बेकरी धनपुरी की जांच में साफ-सफाई अच्छी पाई गई, एवं नान खटाई व टूटी फ्रूटी के सैंपल लेकर भोपाल जांच के लिए भेजे गए। बुढ़ार स्थित ओरिएंट प्रोडक्ट (अचार फैक्ट्री) की जांच में भी साफ-सफाई अच्छी पाई गई। कर्मचारियों के मेडिकल हेल्थ तथा अचार, राई और सौंफ (मसाले) के नमूने जांच हेतु लिए गए। इसके अतिरिक्त, पूर्व माध्यमिक शाला ब्यौहारी में एम.डी.एम. किचन का निरीक्षण किया गया, जहां साफ-सफाई पाई आयोडीन युक्त नमक एवं चावल के नमूने लिए गए। राहुल ट्रेडर्स के निरीक्षण के दौरान अवसान तिथि के पश्चात की सामग्री का मौके पर विनष्टीकरण कराया गया तथा काजू व बादाम के नमूने लिए गए। वहीं विष्णु ट्रेडर्स से मूंगफली एवं हल्दी के नमूने जांच हेतु लिए गए। नोटिस एवं नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
