सेवा ज्योति यात्रा के तहत टेक्निकल स्कूल परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा सम्पन्न

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत का नाम विश्व पटल पर गौरवान्वित किया- सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह


Junaid Khan - शहडोल। 07 अक्टूबर 2026 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत टेक्निकल स्कूल परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के देश की जनता के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण उपस्थित जनसमुदाय द्वारा देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम में विधायक जैतपुर विधानसभा क्षेत्र श्री जयसिंह मरावी, ब्यौहारी श्री शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, उपाध्यक्ष श्रीमती फूलवती सिंह, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, नगरपालिका एवं नगर परिषदों के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल में देश को नई दिशा एवं नई पहचान देने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। आज पूरा विश्व भारत को आशा एवं उम्मीद भरी नजरों से देखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच एवं नेतृत्व क्षमता का प्रभाव देश के विकास के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर भी दिखाई दे रहा है। सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह ने उजबेकिस्तान की यात्रा के दौरान संसदीय दल में शामिल होने के अपने संस्मरण भी साझा किए। उन्होंने बताया कि विदेश यात्रा के दौरान भारत के प्रति लोगों के सम्मान एवं विश्वास को अनुभव करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का परिचायक है। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि सेवा ज्योति संकल्प यात्रा का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करना तथा उसे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के माध्यम से ही विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। जिला योजना समिति की सदस्य श्रीमती अमिता चपरा ने कहा कि हमें राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तन-मन-प्राण से सहभागी बनना होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव होगा। समाज के प्रत्येक वर्ग को देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता को दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। कार्यक्रम में सेवा, समर्पण, राष्ट्र प्रथम तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर उपस्थित जनसमुदाय ने सहभागिता की। सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के माध्यम से जनसेवा, जनभागीदारी एवं शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ ही विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर श्री भूपेन्द्र मिश्रा, संतोष लोहानी, अमित मिश्रा, प्रियम त्रिपाठी, रविकान्त त्रिपाठी, दौलत मनवानी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से जुड़े पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के प्रभारी श्री भूपेन्द्र मिश्रा ने व्यक्त किया।

Previous Post Next Post