कलेक्टर ने ग्राम भटिगवां खुर्द पहुंचकर महिलाओं की आयमूलक गतिविधियों का किया अवलोकन, अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए किया प्रेरित
Junaid Khan - शहडोल। 30 अक्टूबर 2026- ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आजीविका के साधनों को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने ग्राम भटिगवां खुर्द पहुंचकर किसान दीदियों द्वारा संचालित विभिन्न आयमूलक गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ड्रोन के माध्यम से खेतों में कीटनाशक एवं उर्वरक के छिड़काव की प्रक्रिया देखी तथा महिलाओं द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। ग्राम की किसान दीदी शकुंतला ने इंदौर से ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने कलेक्टर के समक्ष ड्रोन के माध्यम से खेत में कीटनाशक एवं उर्वरक का छिड़काव कर प्रदर्शन किया।2 कलेक्टर ने इस पहल की सराहना करते हुए महिलाओं को आधुनिक तकनीक का उपयोग कर कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक एवं लाभकारी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसी प्रकार गौरी सिंह ई-ऑटो रिक्शा का संचालन कर अपनी आजीविका चला रही हैं। उन्होंने बताया कि ई-ऑटो रिक्शा के संचालन से उन्हें प्रतिदिन लगभग 500 रुपये तक की आय हो जाती है। वहीं चंद्रवती सिंह फसल कटाई के लिए रीपर मशीन का उपयोग करती हैं। इसके साथ ही वे आसपास के गांवों में भी किसानों को रीपर मशीन की सुविधा उपलब्ध कराकर आय अर्जित कर रही हैं। कलेक्टर ने किसान दीदियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाएं स्वयं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ ही आसपास की अन्य महिलाओं को भी आयमूलक गतिविधियों से जोड़ें तथा उन्हें प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के कौशल और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है। इस दौरान बताया गया कि प्रधान स्वयंसेवी संस्था द्वारा महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों के लिए प्रशिक्षण देने के साथ आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।बकरी पालन के लिए 10 हितग्राहियों का चयन। कलेक्टर ने ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए बकरी पालन गतिविधि को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसके तहत जनपद पंचायत के माध्यम से 10 चयनित हितग्राहियों के लिए बकरी पालन शेड स्वीकृत किए जाएंगे। आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार इस योजना का विस्तार कर अधिक महिलाओं को भी लाभान्वित किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, एसडीएम सुश्री काजोल सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सुश्री शिवानी जैन, किसान दीदियां तथा प्रदान संस्था के जिला प्रबंधक श्री प्रशांत शर्मा उपस्थित रहे।
