जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद के अंतर्गत छात्राओं को कराया गया कोतवाली थाने का भ्रमण
Junaid Khan - शहडोल। दिनांक 30.10.2026 को शासकीय इंदिरा गांधी गृह विज्ञान कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शहडोल की छात्राओं को 'जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद' कार्यक्रम के अंतर्गत कोतवाली थाना, शहडोल का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के माध्यम से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, कानूनी प्रक्रियाओं, नागरिक अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं से व्यावहारिक रूप से परिचित कराया गया। भ्रमण के दौरान थाना कोतवाली से उप निरीक्षक उपेंद्र त्रिपाठी एवं रामराज पांडेय ने छात्राओं के साथ संवाद करते हुए पुलिस थाने की कार्यप्रणाली, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा विभिन्न शाखाओं के कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी प्रदान की। अधिकारियों ने छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। छात्राओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली को निकट से समझने में विशेष रुचि दिखाई और संवाद के दौरान उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे। पुलिस अधिकारियों ने सरल एवं सहज भाषा में उनके प्रश्नों के उत्तर दिए। कार्यक्रम का समन्वय नोडल अधिकारी आई.बी. सिंह द्वारा किया गया। थाना भ्रमण के दौरान सहयोगी प्राध्यापकों के रूप में डॉ. प्रमिला वास्केल, डॉ. प्रियंका माको एवं श्रीमती प्रियंका पांडेय उपस्थित रहीं।

