कटनी के दवा वसूली एजेंट ने लगाया बैग छीनने का आरोप,CCTV फुटेज खंगाल रही कोतवाली पुलिस, शुरुआती जांच में टकराने के बाद विवाद और बैग गिरने का मामला आ रहा सामने
Junaid Khan - शहडोल। जिला मुख्यालय के व्यस्ततम व्यापारिक इलाके गांधी चौक पर मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कटनी से दवाओं की उधारी वसूलने आए एक रिकवरी एजेंट ने दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों पर 62 हजार रुपयों से भरा बैग झपटकर भागने का गंभीर आरोप लगाया। पीड़ित के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे की है, जब वह दवा दुकान संचालकों से रुपयों की वसूली कर लौट रहा था। पीड़ित का दावा है कि बाइक सवार दो युवक मौके पर पहुंचे और पलक झपकते ही बैग छीनकर चंपत हो गए। कुछ दूरी पर पुलिस को बैग तो मिल गया, लेकिन उसमें रखे ₹62 हजार रुपये गायब थे। सरेराह हुई इस वारदात की सूचना से शहर के व्यापारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। व्यापारिक केंद्र में झपटमारी की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस एक्शन मोड में आ गई और तत्परता दिखाते हुए आसपास की दुकानों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। हालांकि, पुलिस की सूक्ष्म जांच और प्राथमिक छानबीन में यह पूरा मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। मौके से जुटाए गए साक्ष्यों और CCTV की शुरुआती जांच के अनुसार, घटना झपटमारी की न होकर बाइक की आपस में हल्की टक्कर के बाद हुए विवाद की प्रतीत हो रही है। जांच में सामने आ रहा है कि कहासुनी के दौरान ही बैग नीचे गिरा था, जबकि पीड़ित इसे झपटमारी की वारदात बता रहा है। पुलिस प्रशासन हर पहलू से मामले की गहराई से पड़ताल कर रहा है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा स्वयं तत्परता से जांच की कमान संभाले हुए हैं। थाना प्रभारी आर.के. मिश्रा ने बताया कि शहर के हर संवेदनशील बिंदु और CCTV फुटेज की बारीकी से पड़ताल की जा रही है तथा गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तथ्यों और CCTV फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है; घटना की प्रामाणिकता और पुष्टि होते ही नियमानुसार मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जहां एक ओर पुलिस की सजगता से वारदात की हकीकत से पर्दा उठने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय व्यापारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चौकन्ने बने हुए हैं।
