शक्ति सिंह व जितेन्द्र सिंह के बीच जमीन विवाद,मारपीट में दांत टूटा,सोहागपुर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जमीन के टुकड़े के लिए भाई बना भाई का दुश्मन,ससुराल वालों के साथ मिलकर फरियादी का दबाया गला


Junaid Khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटमा से पारिवारिक रिश्तों और मर्यादाओं को तार-तार कर देने वाला गंभीर मामला सामने आया है। पैतृक जमीन अपने नाम कराने की अंधी हवस में एक छोटे भाई ने अपने ही परिवार पर हमला बोल दिया। घटना की जानकारी मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्परता दिखाई और फरियादी की शिकायत पर तत्काल विभिन्न आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ससुराल वालों को बुलाकर घर में मचाया उपद्रव, जान से मारने की धमकी प्राप्त विवरण के अनुसार, फरियादी शक्ति सिंह (पिता ललन सिंह, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम कोटमा) अपने साथी अमित कुमार जायसवाल के साथ सोहागपुर थाने पहुंचे और मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि उनका छोटा भाई जितेन्द्र सिंह (निवासी ग्राम कुदरी) बीती रात घर पहुंचा और माता-पिता के साथ गाली-गलौज करते हुए कुदरी की पूरी जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाने लगा। जब पिता ललन सिंह ने सभी भाइयों को बराबर हिस्सा देने की बात कही और बड़े भाई कप्तान सिंह ने विवाद न करने की समझाइश दी, तो आरोपी जितेन्द्र सिंह उग्र हो गया। आरोप है कि उसने तुरंत फोन करके अपनी पत्नी सोनल सिंह, साले नीरज सिंह, पूजा सिंह तथा सास कलावती सिंह को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर शक्ति सिंह के साथ जमकर मारपीट की, गला दबाया और मुंह पर हमला कर उनका दांत तोड़ दिया।

पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से त्वरित एफआईआर दर्ज, विवेचना जारी घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना प्रभारी संजय कुमार जायसवाल के निर्देशन में कायमीकर्ता प्रधान सिपाही साहेब सिंह द्वारा अपराध क्रमांक 0462/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296(b), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी प्रधान सिपाही मुकेश पटेल को सौंपी है। आरोपी जाते-जाते झूठे मामले में फंसाने और आत्मघाती कदम उठाने की धमकी भी दे गए हैं। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए सोहागपुर पुलिस की इस त्वरित व निष्पक्ष कार्रवाई की सराहना की जा रही है। मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Previous Post Next Post