सीईओ जिला पंचायत ने जनसुनवाई में दूर-दराज क्षेत्रों से आए आवेदकों की सुनी समस्याएं

सीईओ जिला पंचायत ने जनसुनवाई में दूर-दराज क्षेत्रों से आए आवेदकों की सुनी समस्याएं


Junaid Khan - शहडोल। 03 नवंबर 2026- कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए आवेदकों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। उन्होंने आवेदकों से उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम अटरिया, तहसील गोहपारू निवासी श्री मेहेलाल महरा ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने, ग्राम छूदा, तहसील जयसिंहनगर निवासी श्री रामाधार साकेत ने शौचालय निर्माण की प्रोत्साहन राशि दिलाने, ग्राम मलमाथर, तहसील गोहपारू निवासी श्रीमती संध्या सिंह ने मार्च एवं अप्रैल 2026 माह का मानदेय भुगतान कराने, वार्ड क्रमांक 05, सोहागपुर निवासी श्रीमती अंजू रजक पति स्वर्गीय सुरेन्द्र रजक ने अपने बच्चों को बाल आशीर्वाद योजना का लाभ दिलाने तथा ग्राम चुहिरी, तहसील गोहपारू निवासी श्री रामू राम ने नक्शा तरमीम में सुधार कराने के संबंध में आवेदन दिया। सीईओ जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा आवेदकों की समस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में श्रीमती मिनीषा पांडे, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती अन्तोनिआ एक्का सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post