जयसिंहनगर में गूंजा जय श्रीराम,बिहारेस्वर धाम तक निकली भव्य रैली

अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में गरिमामय आयोजन, नवीन पदाधिकारियों को सौंपी गई संगठन विस्तार की जिम्मेदारी


Junaid Khan - शहडोल। जयसिंहनगर (मध्य प्रदेश)। धर्म,संस्कृति और राष्ट्रहित के संकल्पों के साथ अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम एवं रैली का दरोड़ी मोड़ से बिहारेस्वर धाम मंदिर तक गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ। सनातन परंपराओं की रक्षा, सामाजिक समरसता और युवा शक्ति को धर्म सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग पर 'जय श्री राम' और 'जय श्री महाकाल' के गगनभेदी उद्घोष से संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया जी के मार्गदर्शन में संगठन की मजबूती एवं सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय बजरंग दल, जिला शहडोल के ब्लॉक जयसिंहनगर हेतु नए पदाधिकारियों की घोषणा कर उन्हें दायित्व सौंपे गए। जिला अध्यक्ष आकाशदीप साहू के नेतृत्व व मार्गदर्शन में पदाधिकारियों की नियुक्ति पत्र प्रदान कर नई जिम्मेदारियां तय की गईं। नवनियुक्त पदाधिकारियों में ब्लॉक अध्यक्ष शेखर वर्मन (अमझोर), उपाध्यक्ष गौरव वर्मन (जय) एवं संस्कार कुशवाहा (कुदरी), कार्यकारिणी अध्यक्ष निशांत शुक्ला (दरेन), महामंत्री सुमित जायसवाल (मीठी), मंत्री रामदास मौर्य (गांधिया), सहमंत्री रतन कुमार मौर्य व आकाश शुक्ला, तथा सदस्य के रूप में अंकुश कुमार यादव, प्रिंस साहू एवं संदीप जायसवाल शामिल हैं।

समारोह के दौरान स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों की चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था की सर्वत्र सराहना की गई। विशाल रैली को अनुशासित व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस बल का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने मुस्तैदी से सुरक्षा प्रबंध संभाले। संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नए पदाधिकारी अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने सामाजिक व धार्मिक कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। यह कार्यक्रम संगठन के प्रांतीय एवं जिला नेतृत्व—मेहुल श्रीवास्तव (प्रांत मंत्री, महाकौशल प्रांत) एवं विजय बहारनी (जिलाध्यक्ष, शहडोल) के आवश्यक मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

Previous Post Next Post