खाकी की सर्जिकल स्ट्राइक, जुआरियों के ठिकाने पर रेड

कोटमा के निर्माणाधीन मकान में चल रहे जुए के दो फड़ों पर छापा,11 गिरफ्तार, 7.61 लाख का माल जब्त


Junaid Khan - शहडोल। जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले असामाजिक तत्वों और जुआरियों के खिलाफ सोहागपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अब तक की सबसे बड़ी और धमाकेदार कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक के कुशल मार्गदर्शन और सोहागपुर थाना प्रभारी संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में गश्त पर निकली पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम कोटमा स्थित टांकी नदी सरकारी टोला के पास एक नवनिर्मित मकान पर दबिश देकर जुए के दो अलग-अलग फड़ों का भंडाफोड़ किया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने मौके से कुल 11 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए उनके पास से भारी मात्रा में नगदी, महंगे स्मार्टफोन और लग्जरी दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस की इस तत्परता और जांबाजी की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है, जिसने जिले में जुआ-सट्टे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। सोहागपुर पुलिस टीम जब इलाके में वारंटियों की तलाश और शांति व्यवस्था हेतु गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि लाला गोले के नवनिर्मित मकान में बड़े पैमाने पर हार-जीत की बाजी लगाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए योजनाबद्ध तरीके से मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को अचानक सामने देख जुआरियों में हड़कंप मच गया और वे भागने की फिराक में थे, लेकिन सतर्क पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया। मकान के एक ही कमरे में दो अलग-अलग फड़ लगाकर पासा (घोड़ी) फेंककर लाखों का दांव लगाया जा रहा था। पुलिस की इस फुर्तीली रणनीति ने अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। कार्रवाई के दौरान पहले फड़ से अरमान खान (19, घरौला मोहल्ला), दीपक चौधरी (25, वार्ड 32 सुहागपुर), सागर कुमार (32, वार्ड 18 कोतवाली), प्रदीप कुमार (32, घरौला मोहल्ला), प्रिंस कुमार गुप्ता (34, मेडिकल कॉलेज रोड) और संजय गुप्ता (42, पड़मनिया कला) को गिरफ्तार किया गया। इनके फड़ से नगदी ₹7,600 और तलाशी में ₹22,400 मिलाकर कुल ₹30,000 नगद, 2 आईफोन, सैमसंग, वीवो व रियलमी के 5 नग मोबाइल तथा 2 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं, जिनकी कुल कीमत लगभग ₹4,00,000 आंकी गई। वहीं दूसरे फड़ से विकास सोनी (22, कुदरी), आनंद पाण्डेय (32, बलपुरवा), कपिल चौधरी (28, दियापीपर), मोहम्मद अयूब (34, ताज होटल के पास) और मुकेश जसवानी (41, बर्फ फैक्ट्री के पास) को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से फड़ के ₹21,500 और जेब से ₹7,500 मिलाकर ₹29,000 नगद, आईफोन 16 सहित 4 मोबाइल फोन, 2 प्लास्टिक की घोड़ी और 3 मोटरसाइकिलें जप्त की गईं, जिसकी कुल कीमत ₹3,61,000 है। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल ₹59,000 नगद, 9 स्मार्टफोन, 5 मोटरसाइकिलें और पासा जब्त कर दोनों मामलों में कुल ₹7,61,000 का मशरूका बरामद किया है। सोहागपुर पुलिस की इस प्रभावी और त्वरित कार्रवाई ने यह साफ संदेश दे दिया है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ शासन-प्रशासन ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। गिरफ्तार सभी 11 आरोपियों के खिलाफ पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट की धारा 3 व 13 के तहत मामला दर्ज कर धारा 35(3) बीएनएसएस का नोटिस तामील कराया गया है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की इस बड़ी सफलता और मुस्तैदी की मुक्त कंठ से तारीफ की है।

Previous Post Next Post