प्राचार्य विद्यार्थियों से निरंतर संवाद बनाए रखें, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से करें निराकरण–संभागीय उपायुक्त जेपी यादव

माता शबरी कन्या शिक्षा परिसरों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित, विद्यालयों में आवश्यक सामग्री, भवन मरम्मत एवं विद्यार्थियों की सुविधाओं की समीक्षा


Junaid Khan - शहडोल। 06 नवंबर 2026 संभागीय उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग शहडोल संभाग श्री जेपी यादव ने जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित माता शबरी कन्या शिक्षा परिसरों (आवासीय विद्यालयों) के प्राचार्यों की बैठक लेकर विद्यालयों एवं विद्यार्थियों से संबंधित समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों से निरंतर संवाद बनाए रखें तथा उनकी समस्याओं को समझकर उनका प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में संभागीय उपायुक्त ने प्राचार्यों से विद्यालय स्तर, जिला स्तर एवं राज्य मुख्यालय स्तर पर लंबित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संभावित व्यय राशि का उल्लेख करते हुए तीन दिवस के भीतर मांग पत्र जिला कार्यालय प्रमुख को प्रस्तुत करें, ताकि संयुक्त मांग पत्र आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को भेजकर आवश्यक सामग्री के लिए आवंटन प्राप्त किया जा सके। उन्होंने विद्यालयों में अतिरिक्त निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की सूची तैयार कर जिला अधिकारियों को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को विभागीय तकनीकी अमले से निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का प्राक्कलन तैयार कराकर स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजने तथा स्वीकृति की कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। विद्यालयों की विभिन्न गतिविधियों के लिए बजट उपलब्ध कराने के होंगे प्रयास। बैठक में समीक्षा के दौरान पाया गया कि विद्यालय संचालन के लिए आकस्मिकता मद, प्रयोगशाला मद, खेल गतिविधि मद, सांस्कृतिक कार्यक्रम मद एवं चिकित्सा मद में आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है। संभागीय उपायुक्त ने कहा कि इन आवश्यक मदों में राशि उपलब्ध कराने के लिए विभागाध्यक्ष को अवगत कराया जाएगा तथा आवश्यक आवंटन प्राप्त करने के प्रयास किए जाएंगे। विद्यार्थियों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं जानें प्राचार्य एवं अधीक्षक। संभागीय उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि प्राचार्य विद्यार्थियों के साथ नियमित संवाद स्थापित करें तथा उनके साथ बैठकर उनकी समस्याओं की सूची तैयार करें। समस्याओं का निराकरण विद्यालय, जिला एवं राज्य स्तर पर समन्वय बनाकर किया जाए। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण विद्यार्थियों का छात्रावास परिसर से निकलकर जिला मुख्यालय तक पैदल मार्च कर अपनी समस्याएं बताने के लिए पहुंचना उचित स्थिति नहीं है। ऐसी परिस्थितियां निर्मित न हों, इसके लिए प्राचार्य विद्यार्थियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन एवं नाश्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। छात्रावास अधीक्षकों को मुख्यालय पर ही रहने, विद्यार्थियों के साथ स्वयं भोजन करने तथा उनके साथ बैठकर उनकी समस्याएं जानने और निराकरण के लिए आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए। बैठक में शहडोल एवं अनूपपुर जिले के चार-चार तथा उमरिया जिले के तीन माता शबरी कन्या शिक्षा परिसरों के प्राचार्य, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग शहडोल श्री आनंद राय सिन्हा तथा सहायक संचालक श्री जगदीश प्रसाद नापित उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post