बंगवार भूमिगत खदान के कर्मचारियों ने थाना धनपुरी में की लिखित शिकायत
Junaid khan - शहडोल। अमलाई बंगवार क्षेत्र की भूमिगत खदान में कार्यरत कर्मचारियों ने उप क्षेत्रीय प्रबंधक दामिनी (अमलाई–बंगवार) पर अभद्र व्यवहार, विवाद उत्पन्न करने और कार्यालय से जबरन बाहर निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में सभी कर्मचारियों ने थाना धनपुरी पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों का हाथ पकड़ा और बाहर निकाला शिकायतकर्ता
कर्मचारियों ने बताया कि रोज़ की तरह वे अपने सर्वेक्षण अधिकारी के निर्देशानुसार नियमित कार्य कर रहे थे। तभी सुबह लगभग 11 बजे उप क्षेत्रीय प्रबंधक दामिनी कार्यालय में पहुँचीं और बिना कारण सभी कर्मचारियों का हाथ पकड़कर उन्हें बाहर धकेलने लगीं। शिकायत में उल्लेख है कि उन्होंने कर्मचारियों से अभद्र भाषा में बात की और फिर सर्वे कार्यालय में ताला लगवा दिया।
ताला बंद करते समय कर्मचारी का हाथ दबने से बचा, तनावपूर्ण स्थिति
कर्मचारियों के अनुसार जब उप क्षेत्रीय प्रबंधक ने कार्यालय का दरवाज़ा बंद कराया, तभी कर्मचारी पियूष सिंह का हाथ दबते दबते बचा। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और सभी कर्मचारी दहशत में आ गए।कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि प्रबंधक द्वारा लगातार अभद्रता की जाती रही और इसके बाद वे वहाँ से चली गईं।
पुनरावृत्ति रोकने के लिए कार्यवाही की मांग
घटना से नाराज़ और डरे हुए कर्मचारी सामूहिक रूप से थाना धनपुरी पहुँचे और पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। शिकायत पत्र दिनांक 20.11.2025 को थाना प्रभारी को सौंपा गया।
