कड़ाके की सर्दी में युवक की संदिग्ध मौत,परिवार ने जांच की गुहार लगाई

कड़ाके की सर्दी में युवक की संदिग्ध मौत,परिवार ने जांच की गुहार लगाई


Junaid khan - शहडोल। लगातार गिरते तापमान और बढ़ती ठंड के कारण कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक युवक की मौत हो गई। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि की गई है लेकिन परिजनों ने मौत को संदिग्ध करार दिया है। शहर में पिछले कई दिनों से न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। इसी कड़ाके की ठंड के बीच कोतवाली क्षेत्र के वार्ड 30 कट्टी मोहल्ला निवासी 45 वर्षीय बबलू सिंह की मौत हो गई। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह पुष्टि हुई है कि मृत्यु की वजह ठंड है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए सवाल उठाए थे। इसी संदेह को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने बबलू का विसरा जांच के लिए भेजने का निर्णय लिया है। पुलिस के मुताबिक बबलू गुब्बारे बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो बेटियों और सास के साथ रहता था, जबकि उसकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। काम के सिलसिले में वह अक्सर प्रयागराज भी जाता था। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले कोरबा में रहने वाला मृतक का साला यहां आया था और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद भी हुआ था। इसी को आधार बनाकर घरवालों ने संदिग्ध मौत की आशंका जताई है। हालांकि मौके पर पहुंची एफएसएल टीम और पुलिस ने जांच के दौरान शव पर ऐसी कोई चोट नहीं पाई, जिससे मौत हुई हो। जांच के बाद शॉर्ट पीएम मृत्यु का कारण ठंड बताया गया है। कोतवाली टीआई राघवेंद्र तिवारी ने बताया कि परिजनों की शंकाओं के समाधान के लिए जांच हेतु विसरा भेजा जा रहा है। मर्ग कायम कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Previous Post Next Post