आरक्षक महेश पाठक को शहीद का दर्जा देने की मांग, कलेक्ट्रेट में उमड़ी शहडोलवासियों की भीड़
Junaid khan - शहडोल। जिले के जांबाज आरक्षक क्रमांक-98 महेश पाठक को 'शहीद' का दर्जा देने की मांग को लेकर बुधवार को लगभग 300 शाहडोल वासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एक संयुक्त ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मुख्यमंत्री महोदय, मध्यप्रदेश शासन, और कलेक्टर शहडोल को संबोधित किया गया है।
कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहादत
ज्ञापन में बताया गया है कि आरक्षक महेश पाठक दिनांक 07 दिसंबर 2025 को शाहडोल बस स्टैंड पर अपनी ड्यूटी पूरी लगन और ईमानदारी से निभा रहे थे। दोपहर के समय, एक अनियंत्रित बस ने उन्हें तेज़ गति से टक्कर मार दी, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। आरक्षक पाठक बीते कई दिनों से बस स्टैंड पर यातायात और अतिक्रमण को नियंत्रित करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे थे, जिसके कारण आमजन में पुलिस के प्रति छवि और विश्वास मजबूत हो रहा था। उनके निधन से आमजन में भय और शोक का वातावरण व्याप्त है।
मिले शहीद का दर्जा : शहडोलवासी
चूंकि श्री महेश पाठक की दुखद मृत्यु कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई है, इसलिए शहडोल के नागरिकों ने उन्हें शहीद का दर्जा देने की पुरजोर मांग की है, ताकि उनके परिवार को मध्य प्रदेश शासन से मिलने वाली सभी सुविधाओं का लाभ मिल सके। इस दुर्घटना और दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर सभी शाहडोल वासियों की ओर से मांग की गई है कि दुर्घटना कारित करने वाले बस चालक और वाहन स्वामी के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही, स्थानीय नागरिकों ने यह भी मांग की है कि शाहडोल बस स्टैंड का नामकरण दिवंगत श्री महेश पाठक के नाम पर किया जाए तथा बस स्टैंड स्थित उद्यान के बीच दिवंगत श्री महेश पाठक की पुलिस यूनिफॉर्म में एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लगभग 300 लोगों ने आरक्षक महेश पाठक को श्रद्धांजलि देते हुए जल्द से जल्द उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई करने की अपील की है। ज्ञापन के दौरान समाजसेवी सबी ख़ान बंटी, पार्षद विकास तिवारी, पार्षद सिल्लू रजक, पार्षद प्रभात पांडे, पार्षद राजा यादव, शेख आबिद, अर्चना सिंह, अंजलि,रेणुका,आशीष गोले, मोहसिन खान, शुभम मिश्रा, अज़हर, दानिश,गोल्डी, सुमित पनिका,शिवा सिंह, प्रीतम सिंह, आशीष सिंह,अमर सिंह, प्रकाश सिंह,सागर चौधरी, सैफ़ ख़ान,अनुज सिंह, कुलदीप यादव, रौशन चौधरी, अभय, अर्श अली, विवेक,राज, आदित्य,आशु गौतम, मानिया, एवं सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।

