थाना प्रभारी अरुण कुमार पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में ₹60,000 का मशरूका बरामद,अपराधियों में खौफ, आमजन ने की 'जिला बदर' करने की मांग
Junaid Khan - शहडोल। जिला शहडोल पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के सख्त तेवरों और कुशल मार्गदर्शन में शहडोल पुलिस इन दिनों अपराधियों के लिए काल साबित हो रही है। इसी कड़ी में सोहागपुर पुलिस ने तत्परता और पेशेवर कार्यप्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए महज 24 घंटे के भीतर नकबजनी की दो बड़ी वारदातों का सनसनीखेज पर्दाफाश किया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न केवल शातिर आदतन अपराधी को दबोचा, बल्कि शत-प्रतिशत मशरूका भी बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से जहां एक ओर आम जनता में सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के वारंटियों और अपराधियों के हौसले पस्त हो गए हैं।
जेल की सलाखों से बाहर आते ही वारदात को दिया अंजाम
पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी सैफ उर्फ शेख साहिल (27 वर्ष), निवासी रजक मोहल्ला सोहागपुर, कोई साधारण चोर नहीं बल्कि एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। चौंकाने वाला तथ्य यह है कि आरोपी अभी महज तीन दिन पहले ही विभिन्न आपराधिक मामलों में जेल से छूटकर बाहर आया था। जेल से पैर बाहर रखते ही उसने सुधरने की बजाय फिर से सोहागपुर थाना क्षेत्र में सक्रियता बढ़ा दी और एक ही रात में दो अलग-अलग घरों को निशाना बना डाला। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली और थाना सोहागपुर में पहले से ही 09 गंभीर अपराध दर्ज हैं। इस नई वारदात के बाद क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों और आम जनता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ऐसे समाजविरोधी तत्वों के खिलाफ 'जिला बदर' जैसी सख्त निवारक कार्रवाई की जाए, ताकि कानून-व्यवस्था सुचारू रूप से बनी रहे। जनता का स्पष्ट कहना है कि यदि ऐसे अपराधियों को सख्त सजा देकर जेल की सलाखों के पीछे नहीं सड़ाया गया, तो आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे।
एक ही रात में दो घरों में बोला था धावा, यह था मामला
घटनाक्रम के अनुसार, बीते 29 जून 2026 को सोहागपुर थाने में चोरी की दो पृथक-पृथक शिकायतें दर्ज हुईं। पहले मामले (अपराध क्र. 0259/2026) में फरियादी अविनाश कुमार तिवारी (63 वर्ष) ने रिपोर्ट दी कि वार्ड क्रमांक 05 स्थित उनके निर्माणाधीन मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ग्राइंडर मशीन, नापने का टेप, दो हथौड़ी, एक लाल बैग और दो ताले (कुल कीमत लगभग 20,000 रुपये) पार कर ले गया है। वहीं दूसरे मामले (अपराध क्र. 0260/2026) में अंसारी कॉलोनी निवासी संजय कुकड़े (46 वर्ष) के घर के पीछे के दरवाजे की सिटकिनी तोड़कर चोर ने दो मोबाइल फोन (OPPO M6 5G व REALME), एक नीले रंग का बैग (जिसमें स्मार्ट वॉच व कॉस्मेटिक सामान था) और 2000 रुपये नकद उड़ा दिए थे, जिसकी कुल कीमत 40,000 रुपये आंकी गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों ही मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 331(4) और 305(a) के तहत मर्ग कायम कर विवेचना शुरू की थी।
मुखबिर तंत्र और सटीक रणनीति से मिली बड़ी सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव के निर्देशानुसार थाना प्रभारी अरुण कुमार पाण्डेय ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की। मुखबिरों को सक्रिय किया गया और तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद से संदिग्धों की घेराबंदी की गई। पुलिस के सटीक चक्रव्यूह में फंसकर आरोपी सैफ उर्फ शेख साहिल को हिरासत में लिया गया। सघन और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के सामने शातिर अपराधी ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने दोनों चोरियों की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों वारदातों से संबंधित कुल 60,000 रुपये मूल्य का शत-प्रतिशत मशरूका (02 मोबाइल, स्मार्ट वॉच, नकदी 560 रुपये, ग्राइंडर मशीन, बैग व औजार) जप्त कर लिया है। इस सराहनीय और त्वरित खुलासे में थाना प्रभारी के साथ प्रधान आरक्षक सुरेंद्र पटेल और प्रधान आरक्षक मुकेश पटेल की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण और काबिलेतारीफ रही।
थाना प्रभारी अरुण पाण्डेय की कार्यप्रणाली से कांप रहे अपराधी
आपको बता दें कि जब से निरीक्षक अरुण कुमार पाण्डेय ने सोहागपुर थाने की कमान संभाली है, तब से इलाके में अपराधियों के खिलाफ बड़े स्तर पर धरपकड़ अभियान जारी है और एक के बाद एक बड़ी वारदातों के खुलासे हो रहे हैं। इससे पूर्व जब श्री पाण्डेय ब्यौहारी थाने में पदस्थ थे, तब भी उन्होंने माफियाओं और आदतन अपराधियों के पसीने छुड़ा दिए थे। सोहागपुर में भी उनकी यह सख्त और निर्भीक कार्यप्रणाली निरंतर जारी है, जिससे अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों को सीधी चुनौती मिल रही है। पुलिस की इस दमदार कार्रवाई की बदौलत समूचे शहडोल संभाग में कानून का इकबाल बुलंद हुआ है, जिसकी हर तरफ सराहना की जा रही है।
