एसडीओपी अनूपपुर सुमित केरकेट्टा की एसीपी इंदौर जोन-01 में पदोन्नति एवं स्थानांतरण पर विदाई समारोह आयोजित
Junaid khan - शहडोल। सँभाग के जिले अनुपपुर में पदस्थ रहे एसडीओपी श्री सुमित केरकेट्टा की पदोन्नति उपरांत ADCP इंदौर जोन-01 में स्थानांतरण होने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, अनूपपुर में एक सम्मानपूर्वक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस विदाई समारोह में पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री जगन्नाथ मरकाम, एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य, एसडीओपी पुष्पराजगढ़ श्री नवीन तिवारी, समस्त थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे। उपस्थित अधिकारियों द्वारा एसडीओपी श्री सुमित केरकेट्टा के लगभग 12 वर्षों के सेवाकाल के दौरान उनके उत्कृष्ट कार्य, संवेदनशील नेतृत्व, अनुशासन एवं प्रशासनिक दक्षता की सराहना की गई। श्री सुमित केरकेट्टा का वर्ष 2014 में उप पुलिस अधीक्षक के पद पर चयन हुआ। उनकी प्रथम पदस्थापना जिला शहडोल में हुई, जहाँ उन्होंने अपनी परिवीक्षा अवधि के दौरान विभागीय कार्यों का प्रारंभिक अनुभव प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने हॉक फोर्स बालाघाट, एसडीओपी गाडरवाड़ा, एसडीओपी करंगी, एसडीओपी खुरई तथा वर्ष 2023 में एसडीओपी अनूपपुर के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान कीं। जिला अनूपपुर में पदस्थापना के दौरान उन्होंने एसडीओपी अनूपपुर के साथ-साथ डीएसपी अजाक, डीएसपी महिला प्रकोष्ठ तथा 06 माह के लिए एसडीओपी कोतमा का कार्यभार भी सफलतापूर्वक संभाला। अनूपपुर जिले में उनका कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा। अपने सेवाकाल में उन्होंने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, जन-संपर्क एवं पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी कार्यशैली सदैव अनुशासन, पारदर्शिता एवं मानवीय संवेदनशीलता पर आधारित रही। एसीपी इंदौर जोन-01 में पदोन्नत होकर स्थानांतरित होने पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उन्हें शुभकामनाएँ दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री मोती उर रहमान द्वारा पदोन्नत ADCP श्री सुमित केरकेट्टा को स्मृति-चिह्न, शॉल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित समस्त अधिकारियों द्वारा उन्हें पदोन्नति एवं नवीन पदस्थापना हेतु बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।

