वरिष्ठ नागरिक पेंशनरों के ज्ञापनों पर शीघ्र निर्णय का आश्वासन

मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्य अधिकारी राजेश वाद्यपाली ने मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से कराई कार्रवाई की पहल


Junaid khan - शहडोल। भोपाल वरिष्ठ नागरिक पेंशन एसोसिएशन द्वारा प्रस्तुत विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्य अधिकारी राजेश वाद्यपाली ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से शीघ्र निर्णय कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने ज्ञापनों में उल्लिखित बिंदुओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया। एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष एडवोकेट राजकुमार दुबे के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में, कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष राम नरेश तिवारी भोपाल पहुंचे और पेंशनरों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री निवास में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूर्ण की। इस दौरान मुख्यमंत्री उत्तराखंड दौरे पर होने के कारण दूरभाष पर निर्देश देते हुए विशेष कर्तव्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के लिए कहा गया।

विशेष कर्तव्य अधिकारी ने ज्ञापन में दर्ज बिंदुओं का मौके पर ही अध्ययन किया और अपने व्हाट्सऐप के माध्यम से मुख्य सचिव एवं संबंधित सचिव को प्रेषित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री के लौटते ही प्राप्त ज्ञापनों के प्रत्येक बिंदु का बिंदुवार अध्ययन कर जिन बिंदुओं को स्वीकृति मिलेगी, उन पर त्वरित कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी। इसके अतिरिक्त, 11 मार्च को मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ नागरिक पेंशन एसोसिएशन के पदाधिकारियों की सौजन्य भेंट हेतु आवेदन पत्र भी उसी समय मुख्यमंत्री के निज सहायक को प्रेषित कर दिया गया। विशेष कर्तव्य अधिकारी ने प्रांतीय अध्यक्ष से दूरभाष पर चर्चा करते हुए यह भरोसा दिलाया कि पूरी निष्ठा के साथ ज्ञापनों के बिंदुओं पर निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री की सहमति मिलते ही एसोसिएशन को सूचित किया जाएगा।

राम नरेश तिवारी ने बताया कि पेंशनरों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं और मांगों को समाहित करते हुए ज्ञापन सौंपे गए हैं, जिन पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय की उम्मीद है।

Previous Post Next Post