डॉक्टर नर्स विवाद ने पकड़ा तूल, जिला अस्पताल में मानसिक परीक्षण से बढ़ी हलचल
Junaid khan - शहडोल। जिला अस्पताल में डॉक्टर और नर्स के बीच चल रहा विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। मंगलवार को विवाद की केंद्रबिंदु बनीं नर्स पूजा खटिक का मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिससे अस्पताल परिसर में दिनभर चर्चा का माहौल रहा। प्रशासनिक स्तर पर गठित मेडिकल टीम द्वारा यह परीक्षण किया गया, जिसे मामले की निष्पक्ष जांच की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया, जिसमें डॉ. आर.के. शुक्ला, डॉ. मुकुंद चतुर्वेदी, डॉ. विशाल चौबे सहित अन्य डॉक्टर शामिल रहे। बताया जा रहा है कि यह परीक्षण कलेक्टर को सौंपी गई शिकायतों के आधार पर किया गया है, ताकि पूरे मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सके। पीड़िता नर्स पूजा खटिक ने पूर्व में कलेक्टर को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर राजा शीतलानी और डॉ. पुनीत श्रीवास्तव द्वारा उन्हें तथा अन्य नर्सिंग स्टाफ को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। नर्स का आरोप है कि मनमानी ड्यूटी कराए जाने का दबाव बनाया जाता है और विरोध करने पर ड्यूटी में बदलाव कर दिया जाता है, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना रहता है। शिकायत में यह गंभीर आरोप भी लगाया गया है कि डॉक्टर राजा शीतलानी की मूल पदस्थापना जयसिंहनगर में होने के बावजूद वे लंबे समय से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं। जबकि जयसिंहनगर क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी के चलते मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बिंदु ने विवाद को और संवेदनशील बना दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए जांच टीम का गठन किया है। इसी बीच नर्स पूजा खटिक की ड्यूटी ओटी से हटाकर प्राइवेट वार्ड में कर दी गई, जिसे लेकर भी अस्पताल में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। वहीं, दूसरे पक्ष से डॉक्टर राजा शीतलानी ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि ओटी में अनाधिकृत कार्यों की शिकायत उन्होंने उच्चाधिकारियों से की थी। उसी के बाद उन्हें नोटिस जारी किया गया, जिससे नाराज होकर उनके खिलाफ झूठी शिकायतें की जा रही हैं। फिलहाल जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस हाई-प्रोफाइल विवाद में सच किसके पक्ष में है।
Tags
SHAHDOL


