छात्रों की तबीयत बिगड़ने से एकलव्य विद्यालय में हड़कंप, रसोई और भोजन व्यवस्था की जांच शुरू
Junaid khan - शहडोल। जिले के धुरवार में संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दोपहर का भोजन करने के बाद 5 से 7 छात्रों को उल्टी और असहजता की शिकायत होने लगी। अचानक छात्रों की तबीयत बिगड़ने से विद्यालय परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और संबंधित विभागों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बीमार छात्रों का तुरंत परीक्षण कर प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी प्रभावित छात्रों की हालत पर नजर रखी गई और आवश्यक दवाइयां दी गईं। प्राथमिक उपचार के बाद छात्रों की स्थिति में सुधार है, जिससे विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने राहत की सांस ली। सहायक आयुक्त आनंद राय सिन्हा ने बताया कि सोमवार को हास्टल में जो भोजन तैयार किया गया था, वही भोजन छात्रों के साथ हास्टल प्रबंधन ने भी किया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ छात्र पहले से ही बीमार थे और भोजन के बाद में उल्टी की शिकायत सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग के डा. सुनील कुमार स्थापक ने बताया कि यह मामला फूड पाइजनिंग का नहीं है। यदि फूड पाइजनिंग होती, तो बड़ी संख्या में छात्र बीमार पड़ते। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने हास्टल में 25 से अधिक छात्रों की स्क्रीनिंग की जिसमें केवल 5-7 छात्रों मैं ही लक्षण पाए गए। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल सभी छात्र सुरक्षित हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर रसोईघर की साफ-सफाई, भोजन सामग्री और पूरी व्यवस्था की जांच कराई जा रही है, ताकि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न न हो।
