थाने से महज 150 मीटर दूर खड़े ट्रक से सैकड़ों लीटर डीजल पार सिंदूर थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों की वारदात, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

थाने से महज 150 मीटर दूर खड़े ट्रक से सैकड़ों लीटर डीजल पार सिंदूर थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों की वारदात, पुलिस गश्त पर उठे सवाल 


Junaid khan - शहडोल। जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है। थाना परिसर से महज 100 से 150 मीटर की दूरी पर खड़े एक ट्रक से अज्ञात बदमाश सैकड़ों लीटर डीजल निकालकर फरार हो गए। घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर का एक ट्रक, जो दिल्ली के गाजियाबाद से प्लाई लेकर क्षेत्र के एक प्लांट की ओर जा रहा था, रास्ते में तकनीकी खराबी के कारण थाना क्षेत्र में ही सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। चालक ने रात वहीं गुजारी। सुबह जब वह वाहन स्टार्ट करने पहुंचा तो ट्रक चालू नहीं हुआ। जांच करने पर पता चला कि डीजल टैंक का ढक्कन टूटा हुआ है और टैंक से करीब 150 से 200 लीटर डीजल गायब है। चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि बदमाशों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर टैंक से डीजल निकाल लिया। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां से पुलिस की गाड़ियां लगातार गुजरती रहती हैं। स्थानीय व्यापारियों और वाहन मालिकों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी ट्रकों और भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सख्त कार्रवाई न होने से चोरों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। लोगों का सवाल है कि जब थाना क्षेत्र के इतने करीब वाहन सुरक्षित नहीं हैं तो दूरदराज इलाकों की स्थिति का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद वाहन चालकों में भय का माहौल है और उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि पुलिस इस चुनौती पर कितनी तत्परता से अंकुश लगा पाती है।

Previous Post Next Post