81 हुज्जाज होंगे रवाना, जिला अस्पताल में सुबह 10 बजे से टीकाकरण शुरू
Junaid khan - शहडोल। हज-2026 की तैयारियों को लेकर शहडोल जिले में आज महत्वपूर्ण वैक्सीनेशन शिविर आयोजित किया जा रहा है। दिनांक 18 फरवरी को जिला अस्पताल शहडोल में हज पर जाने वाले सभी हुज्जाज हजरात का अनिवार्य टीकाकरण किया जाएगा। इस वर्ष शहडोल जिले से कुल 81 हुज्जाज पवित्र हज यात्रा के लिए रवाना होंगे। मध्यप्रदेश हज कमेटी द्वारा हज-2026 के लिए वैक्सीनेशन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है, ताकि हज वीजा जारी होने में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी यात्री स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताएं समय पर पूर्ण कर सकें।
स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था
जिला अस्पताल में सुबह 10 बजे से टीकाकरण कार्य शुरू होगा। सभी आवश्यक वैक्सीन और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाएं जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा सुनिश्चित की गई हैं।
जिला हज कमेटी अध्यक्ष सैय्यद जियाउल इस्लाम ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी हुज्जाज को पूर्व में सूचित कर दिया गया है। वहीं हज ट्रेनर डॉ. सादिक खान द्वारा भी व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर यात्रियों को समय पर पहुंचने का आग्रह किया गया है। इसके अतिरिक्त जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष एवं पूर्व जिला हज कमेटी अध्यक्ष शकील अहमद ने जिला टीकाकरण अधिकारी से समन्वय कर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करवाई हैं।
समय पर पहुंचे,साथ रखें जरूरी दस्तावेज
हज यात्रा में शामिल होने वाले सभी हुज्जाज से अपील की गई है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ कल सुबह 10 बजे जिला अस्पताल शहडोल पहुंचकर वैक्सीनेशन अवश्य कराएं। स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह प्रक्रिया अनिवार्य है, जिससे पवित्र हज यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से बचा जा सके। हज-2026 को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासन भी यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर नजर आ रहा है।
