24 दिन बाद जंगल लौटा ‘जंगल का शेर’

चिकित्सकों की कड़ी निगरानी में स्वस्थ हुआ घायल बाघ, बांधवगढ़ में पुनर्वास सफल


Junaid khan - शहडोल। जयसिंहनगर। उत्तर वनमंडल शहडोल के जयसिंहनगर परिक्षेत्र में आपसी संघर्ष में घायल मिला वयस्क नर बाघ आखिरकार 24 दिन की सतत चिकित्सकीय निगरानी के बाद पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने प्राकृतिक आवास में लौट गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उपचार, निगरानी और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी करते हुए रविवार को बाघ को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार वन चाचर बीट में लगभग आठ वर्ष का बाघ आपसी द्वंद्व में गंभीर रूप से घायल पाया गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 29 जनवरी को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के विशेष एनक्लोजर में शिफ्ट किया गया। यहां वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने लगातार उपचार, दवाइयां, पोषण प्रबंधन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से उसकी देखरेख की। चिकित्सकों के मुताबिक शुरुआती दिनों में बाघ की हालत नाजुक थी, लेकिन गहन मॉनिटरिंग और वैज्ञानिक उपचार पद्धति से उसकी स्थिति में लगातार सुधार दर्ज किया गया। घाव भरने के साथ-साथ उसकी सक्रियता, भोजन ग्रहण करने की क्षमता और व्यवहार में भी सामान्यता लौट आई। 22 फरवरी को विशेषज्ञों ने ट्रैंकुलाइज कर विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें बाघ पूरी तरह फिट पाया गया। वन विभाग ने बताया कि पुनर्वास के दौरान सभी सुरक्षा मानकों और वन्यजीव संरक्षण के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। स्वास्थ्य संतोषजनक पाए जाने के बाद उसे उपयुक्त प्राकृतिक क्षेत्र में छोड़ दिया गया है। अब स्थानीय वन अमला उसकी गतिविधियों पर नजर रखेगा ताकि वह सामान्य जीवनचर्या में सुचारू रूप से ढल सके। इस सफल रेस्क्यू और पुनर्वास अभियान में क्षेत्र संचालक, उप संचालक, वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारियों, बायोलॉजिस्ट और रेस्क्यू दल की अहम भूमिका रही। वन विभाग ने इसे टीमवर्क और समय पर की गई कार्रवाई का परिणाम बताया है। वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि बाघों में आपसी संघर्ष सामान्य व्यवहार का हिस्सा है, लेकिन त्वरित हस्तक्षेप और वैज्ञानिक उपचार से उनकी जान बचाई जा सकती है। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि संवेदनशीलता और पेशेवर प्रबंधन से वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलती है।

Previous Post Next Post