होली के रंग आजीविका के संग, स्व सहायता समूहो की दीदियो द्वारा निर्मित शुद्व देशी मिठाइयां, नमकीन हर्बल गुलाल एवं पूजन सामग्री होगी मेले का आकर्षण
Junaid khan - शहडोल। 26 फरवरी 2026- कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में रंगो के त्यौहार रंगोत्सव में आमजन को शुद्ध एवं देशी पकवान के साथ ही हर्बल गुलाल एवं पूजन सामग्री की सहज उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका परियोजना के माध्यम से दो दिवसीय आजीविका होली मेला का आयोजन 27 एवं 28 फरवरी को पुराना बस स्टैंड के सामने सिघांनिया परिसर शहडोल में किया जाएगा। प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक होली मेला में स्व सहायता समूह की दीदियो द्वारा निर्मित शुद्व एवं देशी उत्पाद विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे। जिला परियोजना समन्वयक श्री अजय सिंह ने बताया कि होली के रंग आजीविका के संग के माध्यम से संभाग स्तरीय आजीविका होली मेले में स्व-सहायता समूहो एवं स्थानीय शिल्पियो द्वारा तैयार उत्पाद के विक्रय से मेक इन इंडिया एवं व्होकल फॉर लोकल अभियान को गति मिलेगी तथा समूह की दीदियो को भी स्थानीय स्तर पर बाजार उपलब्ध हो सकेगा। मेले में प्रमुख रूप से हर्बल गुलाल, गौकाष्ट, गोबर के कंडे, पूजन सामग्री, खोवा, गुजिया नमकीन, चिप्स, पापड़ मिठाइयां, बतासे, महुआ के लड्डू एवं बिस्किट, कोदो से बने बिस्किट, कम्पोस्ट खाद, जैविक कीटनाशक, हल्दी मसालें, सुगंधित चावल एवं कपडे के बने बैग मेले के आकर्षण होंगे। नगरवासियो से अपील की गई है कि होली के त्यौहार में शुद्व एवं देशी सामग्री का उपयोग कर स्वास्थ्य को सेहतमंद बनाएं तथा स्व सहायता समूह की दीदियो द्वारा निर्मित उत्पादो को प्रोत्साहित करें। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति ने कहा कि यह मेला स्व सहायता समूह की महिलाओ को संबल देने एवं महिला सशक्तिकरण की दिशा में किया गया प्रयास है।
