शहडोल जिले के शासकीय हॉस्टल में हो रही अनियमितताओं को लेकर एनएसयूआई ने कलेक्टर के नाम दिया ज्ञापन
Junaid khan - शहडोल। विगत दिनों शहडोल जिले में शासकीय हॉस्टलों में हो रही गंभीर अनियमिताओं एवं पण्डित शंभूनाथ शुक्ल विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में छात्रों को सड़ा हुआ दुर्गंध युक्त भोजन देने के विरोध में, एनएसयूआई शहडोल द्वारा जिला अध्यक्ष सौरभ तिवारी के नेतृत्व में जिला कलेक्टर महोदय के नाम ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में निम्नलिखित समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया है।
1.छात्र सुमित चौधरी की मृत्यु की घटना की निष्पक्ष, गहन एवं उच्च स्तरीय जांच तत्काल किसी पूर्णतः स्वतंत्र एजेंसी अथवा विशेष जांच दल (SIT) के माध्यम से कराई जाए, ताकि जांच पर किसी भी प्रकार का दबाव या प्रभाव न पड़े और घटना के वास्तविक कारण पूरी तरह स्पष्ट हो सके। जांच में दोषी पाए जाने वाले सभी व्यक्तियों चाहे वे किसी भी पद, स्तर या प्रभाव में हों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जांच की संपूर्ण प्रक्रिया एवं अंतिम निष्कर्षों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों का प्रशासन पर विश्वास बना रहे। इसके अतिरिक्त पीड़ित परिवार को मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी सहायता प्रदान करते हुए उन्हें शीघ्र एवं पूर्ण न्याय दिलाने की प्रक्रिया को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
2.दीक्षांत समारोह में छात्रों की जान से खिलवाड़ VIP अतिथियों का भव्य सम्मान, छात्रों को घटिया भोजन; विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर सवाल-दीक्षांत समारोह जैसे गरिमामय अवसर पर छात्रों की जान, सम्मान और स्वास्थ्य से किए गए इस गंभीर खिलवाड़ के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्ण रूप से जिम्मेदार ठहराया जाए। VIP अतिथियों के लिए भव्य व्यवस्था और छात्रों को घटिया, बासी एवं दुर्गंधयुक्त भोजन परोसना लापरवाही और असंवेदनशीलता का प्रमाण है। अतः नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कुलपति तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें तथा दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
3.विगत कुछ महीनों से शहर में स्थित छात्रावासों से छात्रों के लापता होने की घटनाओं को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए और प्रत्येक छात्रावास में एक अनुभवी, जिम्मेदार एवं सशक्त अधीक्षक (वार्डन) की नियुक्ति की जाए, जो नियमित रूप से छात्रों की गतिविधियों पर निगरानी रख सके।
4.विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं से युक्त एक स्थायी क्लिनिक की व्यवस्था की जाए।
5.सभी छात्रावासों में छात्रों को शुद्ध, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए।
6.छात्रावासों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
7.छात्रावास के आसपास नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
8.छात्र-छात्राओं की सुरक्षा हेतु छात्रावासों में सीसीटीवी कैमरे एवं अन्य सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था की जाए।
आज ज्ञापन देते समय प्रमुख रूप से युवा कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष आशीष तिवारी,एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सौरभ तिवारी,जिला उपाध्यक्ष आशीष द्विवेदी,जिला उपाध्यक्ष सिमरन कौर,जिला उपाध्यक्ष शुभम सोंधीया,ब्लॉक अध्यक्ष अमन तिवारी, आई टी सेल अध्यक्ष महेंद्र यादव,सुमित सेंगर,साहिल कुशवाहा,शिवांशु साहू,आशु सिंह,शिवम तिवारी, हर्षित सिंह बघेल,आयुष सिंह, शुभम सेन,अर्पित सेन,अजय बैगा, महेंद्र बैगा, हर्षित श्रीवास्तव, ओम साहू,मोहित गौतम,सत्यम तिवारी,ओम महानंद,अमित यादव,सुमित,कृष्ण सिंह,कृतेन्द्र सिंह,अरमान सहित काफी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी एवं छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
