सुबह 04 बजे गैरेज में तोड़फोड़ कर गाड़ियों से सामान पार, CCTV में कैद हुई घटना
Junaid khan - शहडोल। सोहागपुर नगर में पुलिस गश्त की कमी का फायदा उठाकर चोरों ने एक बार फिर बेखौफ वारदात को अंजाम दिया। बीते शुक्रवार तड़के करीब 4:02 बजे अज्ञात बदमाशों ने मेन रोड स्थित एक गैरेज में घुसकर खड़ी गाड़ियों के कांच तोड़ दिए और उनमें रखा कीमती सामान पार कर दिया। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और वाहन मालिकों में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 1/3 पटनी बस्ती निवासी रफीक खान, जो रीवा–शहडोल राजमार्ग पर “रफीक गैरेज” का संचालन करते हैं, ने थाना सोहागपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 20 फरवरी 2026 की रात लगभग 4 बजे अज्ञात व्यक्ति गैरेज परिसर में घुसा और वहां खड़ी गाड़ियों के शीशे तोड़कर बुफर एवं अन्य सामान चोरी कर ले गया। घटना की पूरी वारदात गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित द्वारा पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराए जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त नहीं होने के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं और ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लगातार बढ़ रहीं चोरी की घटनाएं स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त न के बराबर है। यही वजह है कि बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात में सख्त गश्त व्यवस्था लागू की जाए ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कार्रवाई की मांग पीड़ित रफीक खान ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं। अब देखना यह होगा कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक कितनी जल्दी पहुंच पाती है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।
