अवैध खनन पर सोहागपुर पुलिस का शिकंजा: 50 लाख से अधिक कीमत का हाइवा जब्त,चालक गिरफ्तार

अवैध खनन पर सोहागपुर पुलिस का शिकंजा: 50 लाख से अधिक कीमत का हाइवा जब्त,चालक गिरफ्तार 


Junaid khan - शहडोल। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना सोहागपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पत्थर परिवहन कर रहे एक हाइवा ट्रक को पकड़कर जब्त कर लिया। वाहन सहित जब्त खनिज की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 लाख 20 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि हाइवा ट्रक क्रमांक CG11BE/5623 में अवैध रूप से पत्थर लोड कर मैकी ठाढ़ी पाथर रोड से परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सोहागपुर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच शुरू की। वाहन चालक ने अपना नाम गोलू यादव (20 वर्ष), पिता रंजीत यादव, निवासी ग्राम ठाढ़ी पाथर, थाना सोहागपुर, जिला शहडोल बताया। पुलिस द्वारा पत्थर उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन चालक कोई भी वैध अनुमति या दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेजों के अभाव में वाहन में लोड खनिज को अवैध मानते हुए पुलिस ने हाइवा सहित पत्थर को मौके से जब्त कर लिया। जब्त वाहन और खनिज की कुल कीमत लगभग 50,20,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की गई और उसके विरुद्ध बीएनएस एवं खनिज अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्रशासन ने खनन माफियाओं को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि बिना वैध अनुमति खनिज का उत्खनन अथवा परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी सोहागपुर के मार्गदर्शन में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते अवैध खनिज परिवहन पर बड़ी रोक लगाई जा सकी। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।

Previous Post Next Post