200 जोड़े विवाह सूत्र के बंधन से बंधे,जयसिंहनगर में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह

200 जोड़े विवाह सूत्र के बंधन से बंधे,जयसिंहनगर में आयोजित हुआ मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह


Junaid Khan - शहडोल। 23 अप्रैल 2026- मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजनांतर्गत जनपद मुख्यालय जयसिंहनगर के पुलिस मैदान में जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियो की उपस्थिति में सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम बड़े उत्साह, उमंग और हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। सामूहिक कन्या विवाह के अवसर पर 200 नव दंपत्तियो ने वैदिक मंत्रोच्चरण एवं भारतीय परंपरा के साथ सात फेरे लेकर परिणय सूत्र में बंधे। विधायक श्रीमती मनीषा सिंह,विधायक श्री शरद कोल, कलेक्टर डॉ. केदार सिंह एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मालती सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियों ने पुष्पवर्षा कर उनके सुख, समृद्धि और मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। कार्यक्रम को सम्बोंधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम के माध्यम से जहां एक ओर विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्च को कम किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का भी सशक्त संदेश दिया जा रहा है। सामूहिक कन्या विवाह सामाजिक समरसता और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने विवाह संस्कार को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह से अनावश्यक खर्चों में कमी आती है और सभी को अपनी खुशियां साझा करने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री शरद कोल ने कहा कि सामूहिक कन्या विवाह समारोह का उद्देश्य समाज में सादगीपूर्ण एवं आदर्श विवाह को बढ़ावा देना तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सहयोग प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से एक ही मंच पर अनेक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया जाता है, जिससे सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम को सदस्य जिला योजना समिति श्रीमती अमिता चपरा सहित अन्य जनप्रतिनिधियो एवं अधिकारियो ने भी सम्बोंधित किया। कार्यक्रम के दौरान नवदंपतियों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत 49 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के प्रतीक स्वरूप चेक एवं गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्री प्रदान की गई, जिससे वे अपने नए जीवन की शुरुआत सुगमता से कर सकें। इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री काजोल सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सुशीला शुक्ला, जनपद उपाध्यक्ष रक्षा सिब्बू सिंह, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष शीवेन्द्र सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत जयसिंहनगर श्रीमती शिवानी जैन, एपीओ अनुराग निगम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post