रहस्यमयी ढंग से छात्रावास से लापता 11वीं की छात्रा सकुशल बरामद

सोहागपुर पुलिस की तत्परता से सुलझा अपहरण का मामला, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल


Junaid khan - शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संचालित एकलव्य आवासीय विद्यालय से कक्षा 11वीं की 16 वर्षीय छात्रा के रहस्यमयी ढंग से लापता होने की घटना ने बीते दिनों पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की और महज चार दिनों के भीतर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार 17 फरवरी 2026 को छात्रा बिना किसी को बताए छात्रावास से चली गई थी। सुबह नियमित उपस्थिति के दौरान वार्डन को छात्रा अपने कमरे में नहीं मिली, जिसके बाद विद्यालय प्रबंधन और परिजनों को सूचना दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोहागपुर थाना पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि छात्रा बीती रात लगभग 10 बजे के बाद परिसर में देखी गई थी। एक सहपाठी ने बताया कि उसने छात्रा को छात्रावास परिसर में बने सेप्टिक टैंक के पाइप के सहारे नीचे उतरते देखा था, लेकिन उस समय इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। सुबह छात्रा के लापता होने की पुष्टि होते ही पुलिस हरकत में आई। फरियादी ने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। पुलिस ने अपहरण का प्रकरण दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल, संभावित संपर्क सूत्रों और मानवीय सूचना तंत्र के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। छात्रावास परिसर, विद्यालय के आसपास के क्षेत्र और रिश्तेदारी सहित सभी संभावित स्थानों पर पड़ताल की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने सक्रियता और त्वरित कार्रवाई करते हुए 21 फरवरी 2026 को छात्रा को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार छात्रा सकुशल है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों में चिंता का माहौल है और विद्यालय प्रबंधन से जवाब-तलब भी किया जा रहा है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा मानकों की समीक्षा की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में सोहागपुर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नाबालिगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई जारी।

Previous Post Next Post