शहडोल की मिलेट्स पहुंची विदेशों की रसोईयो तक

शुभम को मिला केंद्र एवं राज्य सरकार का सहारा, स्थापित की 02 करोड़ की मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट


Junaid khan - शहडोल। 22 फरवरी 2026- केंद्र एवं राज्य सरकार युवा वर्ग को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कृत संकल्पित है। शासन द्वारा युवाओं, महिलाओं, किसानों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे हर वर्ग के लोग आत्मनिर्भर और स्वयं का रोजगार स्थापित कर दूसरों को रोज़गार दे सके। शहडोल के रहने वाले 30 वर्षीय युवा उद्यमी शुभम तिवारी, संस्थापक ग्रेनॉक्सी ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो असफलता भी सफलता की सीढ़ी बन जाती है। माइनिंग इंजीनियरिंग की नौकरी के लिए मेडिकल फिटनेस टेस्ट में कलर ब्लाइंडनेस के कारण असफल घोषित किए जाने के बाद उन्होंने निराश होने के बजाय स्वयं का मार्ग चुना और आज लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मिलेट प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। श्री शुभम तिवारी ने तहसील बुढार अंतर्गत ग्राम साबो में लगभग 2 करोड़ रूपये की लागत से अत्याधुनिक मिलेट्स प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की है। उन्होंने बताया कि केंद्र एवं राज्य शासन के उद्यानिकी व एमएसएमई विभाग से सहयोग तथा बैंक से 50 लाख रुपये का वित्तीय लोन प्राप्त कर यह यूनिट स्थापित की थी। यूनिट में मिलेट आधारित आटा, सूजी, नूडल्स, पास्ता, क्रैकर्स, नमकीन, बेकरी उत्पाद एवं 14 प्रकार की कुकीज जैसे स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं, जो स्वाद और गुणवत्ता में उत्कृष्ट हैं। उन्होंने बताया कि grainoxy.in ऑनलाइन के माध्यम से अमेरिका, श्रीलंका, गल्फ देशों एवं यूरोप से 42 टन का प्री-ऑर्डर तथा 50 हजार किलोग्राम से अधिक घरेलू बुकिंग हुई। आज शहडोल का मिलेट विदेशों की रसोई तक पहुंच रहा है। शुभम तिवारी ने बताया कि मिलेट् प्रोसेसिंग यूनिट में स्व सहायता समूह की महिलाओ को प्रशिक्षण एवं लगभग 45 लोगो को रोगजार के अवसर मिल रहे है। श्री शुभम तिवारी ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए आभार जताया है।

Previous Post Next Post