धूल से निजात दिलाने हेतु स्वीपिंग मशीन क्रय की स्वीकृति जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने 60 लाख रुपये की राशि की मंजूरी दी
Junaid khan - शहडोल। दिनांक 25 फरवरी 2026 नगर पालिका परिषद शहडोल के नगरीय क्षेत्र में संचालित सीवरेज लाइन निर्माण कार्य के कारण विभिन्न स्थानों पर सड़कों पर धूल एवं मिट्टी का अत्यधिक जमाव हो गया है, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर पालिका परिषद द्वारा जिला प्रशासन को अवगत कराया गया। नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम दास जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रवीण शर्मा (डोली) एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेन्द्र भण्डारी द्वारा जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह से भेंट कर शहर में उत्पन्न धूल की समस्या से अवगत कराया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेन्द्र भण्डारी ने बताया कि धूल की समस्या के स्थायी समाधान हेतु आधुनिक स्वीपिंग मशीन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी, परंतु मशीन की उच्च लागत के कारण निकाय स्तर पर क्रय संभव नहीं हो पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जिला कलेक्टर डॉ. केदार सिंह द्वारा जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से ₹60 लाख (साठ लाख रुपये) की राशि स्वीपिंग मशीन क्रय हेतु स्वीकृत की गई है। स्वीपिंग मशीन उपलब्ध होने के पश्चात नगर की प्रमुख सड़कों पर नियमित यांत्रिक सफाई सुनिश्चित की जा सकेगी, जिससे धूल एवं मिट्टी की समस्या में कमी आएगी तथा स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि मशीन क्रय की प्रक्रिया नियमानुसार शीघ्र प्रारंभ की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जा सके। राशि स्वीकृत होने पर नगर परिषद के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पार्षदगण एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा जिला प्रशासन एवं कलेक्टर महोदय के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
