नगर में प्रगतिरत विकास कार्यों का निरीक्षण,शीघ्र पूर्णता के दिए निर्देश-सीएमओ

नगर में प्रगतिरत विकास कार्यों का निरीक्षण,शीघ्र पूर्णता के दिए निर्देश-सीएमओ 


Junaid khan - शहडोल। 25 फरवरी 2026 नगर के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु आज मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी द्वारा नगर क्षेत्र का व्यापक भ्रमण एवं स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों, उपयंत्रियों एवं ठेकेदारों को निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंतर्गत नवीन प्रस्तावित बस स्टैंड, कोटमा का अवलोकन किया गया। बस स्टैंड निर्माण की वर्तमान प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कार्य में अपेक्षित तेजी लाने तथा सभी तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए गए। यह परियोजना पूर्ण होने पर नगर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाएगी। इसके पश्चात वार्ड क्रमांक 2 में प्रस्तावित सामुदायिक भवन स्थल का निरीक्षण किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि सामुदायिक भवन स्थानीय नागरिकों के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन हेतु महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा सिद्ध होगा। निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 1 स्थित संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं आधारभूत संरचना की समीक्षा की गई। क्लीनिक के शीघ्र संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए, ताकि नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही पुराना नगर पालिका कार्यालय से पुलिस लाइन ग्राउंड के आगे तक सीसी रोड निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता, समतलता एवं समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित एजेंसी को दिए गए। अंत में सब्जी मंडी क्षेत्र का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया गया। कर्मचारियों को नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा अव्यवस्थाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश प्रदान किए गए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने स्पष्ट किया कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण कर नागरिकों को अधिकतम लाभ पहुंचाया जाएगा।

Previous Post Next Post