शहडोल भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय कटारे ‘राजा भैया’ का आकस्मिक निधन, शहर में शोक की लहर

शहडोल भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय कटारे ‘राजा भैया’ का आकस्मिक निधन, शहर में शोक की लहर 


Junaid khan - शहडोल। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं शहर के प्रतिष्ठित सामाजिक व्यक्तित्व श्री अभय कटारे ‘राजा भैया’ का गत रात्रि आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों ने इसे शहडोल की सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिवंगत श्री अभय कटारे ‘राजा भैया’ का अंतिम संस्कार शुक्रवार, 13 फरवरी को प्रातः 10:00 बजे पचगांव रोड स्थित मुक्तिधाम में संपन्न होगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। श्री अभय कटारे जनसंघ के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय श्री काशीनाथ जी कटारे के ज्येष्ठ पुत्र थे। वे एक सुदृढ़ वैचारिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से संबंध रखते थे और वर्षों से भाजपा संगठन के साथ सक्रिय रूप से जुड़े रहे। राजनीतिक क्षेत्र के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी उनकी सहभागिता उल्लेखनीय रही। वे नगर पालिका परिषद शहडोल की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती उर्मिला कटारे के पति थे। सार्वजनिक जीवन में उनकी सादगी, सौम्यता और संगठन के प्रति समर्पण के लिए उन्हें विशेष रूप से जाना जाता था। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि उन्होंने सदैव संगठन की मजबूती और समाज सेवा को प्राथमिकता दी। उनके निधन पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सभी ने ईश्वर से इस दुःख की घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करने की कामना की है। विनम्र श्रद्धांजलि।

Previous Post Next Post