नगर पालिका धनपुरी के वाहन पार्किंग स्थल से लाखों के सामान की चोरी का खुलासा

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद


Junaid khan - शहडोल। धनपुरी नगर पालिका धनपुरी के वाहन पार्किंग स्थल से की गई चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नगर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को फरियादी अमित सिंह बघेल (36 वर्ष), निवासी आदर्श कॉलोनी वार्ड क्रमांक 01, हाल सहायक राजस्व निरीक्षक, नगर पालिका धनपुरी द्वारा थाना धनपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 19-20 फरवरी की दरमियानी रात अज्ञात चोर ने नगर पालिका कार्यालय के सामने स्थित वाहन पार्किंग स्थल में खड़े पांच ट्रैक्टरों से टर्मिनल वायर, स्काई लिफ्टर (विद्युत वाहन) का लगभग 50 मीटर कॉपर वायर तथा 90 वॉट की दो एलईडी लाइट चोरी कर ली। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है।

रिपोर्ट के आधार पर थाना धनपुरी में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। संदेह के आधार पर पूछताछ और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी राजेन्द्र सोनकर (26 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 07 अम्बेडकर नगर बुढार, जिला शहडोल को 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया टर्मिनल वायर, कॉपर वायर, 90 वॉट की दो एलईडी लाइट तथा घटना में प्रयुक्त हैक्सा ब्लेड जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका। पूरे प्रकरण के खुलासे में थाना प्रभारी धनपुरी निरीक्षक खेम सिंह पेंड्रो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह, शैलेन्द्र सिंह, रामनाथ, राज प्रसाद, गेंदा सिंह तथा आरक्षक लखन सिंह का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Previous Post Next Post