संयुक्त सचिव भारत सरकार श्री मिश्रा ने पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय शहडोल का किया निरीक्षण
Junaid khan - शहडोल। 23 फरवरी 2026रू- भारत सरकार के संयुक्त सचिव श्री दीपक मिश्रा एवं कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय शहडोल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों उपलब्ध स्टाफ तथा बच्चों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्राचार्य श्रीमती प्रीति मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में स्वीकृत पद के अनुसार शिक्षक पदस्थ हैं, विद्यालय में कक्षाओं का संचालन स्मार्ट क्लास के माध्यम से किया जाता है। विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति अभिरुचि बढ़ाने हेतु शिक्षकों द्वारा नवाचार किए जाते हैं हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में विद्यार्थियों के लिए शिक्षा उपलब्ध है। छोटी कक्षाओं के विद्यार्थियों की शिक्षा के प्रति अभिरुचि बढ़ाने के लिए जादुई पिटारा के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है। संयुक्त सचिव श्री मिश्रा ने विद्यालय को मिलने वाले बजट तथा उसके उपयोग के संबंध में भी प्राचार्य से जानकारी प्राप्त की। प्राचार्य द्वारा बताया गया कि शत प्रतिशत बजट का उपयोग विद्यालय में कर लिया जाता है। विद्यालय में संचालित वार्षिक कैलेंडर सांस्कृतिक खेल-कूद गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की गई। कलेक्टर डॉ.केदार सिंह ने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक माहौल बहुत अच्छा है, गुणवत्ता युक्त शिक्षा दिए जाने से विद्यार्थियों में अनुशासन के साथ-साथ अन्य गतिविधियों में भी सफलता अर्जित की जा रही है। सभी शिक्षक ईमानदारी के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करते हैं। शाला परिसर पहुंचने पर श्री मिश्रा का परंपरागत रूप से फूल का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया तत्पश्चात उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा प्रतीक स्वरूप पौधारोपण भी किया।संयुक्त सचिव श्री मिश्रा ने स्कूल परिसर का भ्रमण कर साफ सफाई, शैक्षणिक कक्षाओं, प्रायोगिक लैब का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती प्रीति मिश्रा ने विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण श्री उमेश कुमार धुर्वे,सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग श्री आनंद राय सिंहा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री आर. के. मंगलानी, डीपीसी श्री अमरनाथ सिंह तथा केन्द्रीय विद्यालय के उप प्रचार्य शकील अहमद सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं विद्यालय का शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहे।

