बीमारी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई-उपायुक्त जनजातीय ने छात्रावास अधीक्षक को किया निलंबित

बीमारी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई-उपायुक्त जनजातीय ने छात्रावास अधीक्षक को किया निलंबित


Junaid khan - शहडोल। 23 फरवरी 2026। जनजातीय कार्य विभाग ने छात्रावास में अध्ययनरत छात्र की बीमारी के दौरान उपचार व्यवस्था में लापरवाही बरते जाने के मामले में सख्त कदम उठाया है। उपायुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री जे.पी. यादव ने ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय, विचारपुर के छात्रावास अधीक्षक श्री नीलशरण सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र की तबीयत खराब होने के बावजूद समय पर समुचित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे मामले ने गंभीर रूप ले लिया। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया कर्तव्य पालन में शिथिलता एवं लापरवाही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई। उपायुक्त द्वारा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1966 के नियम 09 में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए निलंबन आदेश जारी किया गया है। आदेशानुसार निलंबन अवधि में श्री नीलशरण सिंह का मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, जैसिंहनगर, जिला शहडोल निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच प्रतिवेदन के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है। इस कार्रवाई से विभागीय स्तर पर स्पष्ट संदेश गया है कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभिभावकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन के इस निर्णय को छात्र हित में उठाया गया आवश्यक कदम बताया है।

Previous Post Next Post