13,14 एवं 15 मार्च को आयोजित होगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
Junaid khan - शहडोल। 24 फरवरी 2026 कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने संभागीय मुख्यालय के संभावित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शहडोल में रोटरी क्लब एवं राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन के सहयोग से 13,14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले विशाल स्वास्थ्य शिविर की तैयारियो के संबंध में बैठक ली। कलेक्टर ने अधिकारियो को निर्देश दिए कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के आयोजन हेतु सभी तैयारियां पूर्व से ही पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कैंप में पर्याप्त दवाईयां उपलब्ध रहे, कैंप में आने वाले मरीजो को किसी भी प्रकार की समस्या न हो इसका ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर हेतु मरीजो को ग्राम, पीएचसी एवं सीएचसी स्तर पर स्क्रीनिंग कराना होगा। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए पेयजल एवं छायादार बैठक व्यवस्था भी सुनिश्चित करेंगे। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह ने कहा कि 13, 14 एवं 15 मार्च 2026 को आयोजित होने वाले विशाल स्वास्थ्य शिविर का बेहतर प्रचार-प्रसार कराएं, आटो एवं बसो में स्वास्थ्य शिविर संबंधित पोस्टर चस्पा कराए तथा नगरपालिका के कचरा गाड़ी से भी लोगो को जानकारी देना सुनिश्चित करें जिससे अधिक से अधिक मरीजो को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ मिल सकें। कलेक्टर ने कैंप स्थल में मेडिकल स्टाफ, चिकित्सक, ऑपरेशन थियेटर एवं ऑपरेशन संबंधी उपकरण की उपलब्धता, मरीजो के लिए परिवहन व्यवस्था, साफ-सफाई, वाहन पार्किंग चालित शौलाचय, फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाओ की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित अधिकारियो को दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शिवम प्रजापति, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा, सिविल सर्जन डॉ. शिल्फी सराफ, रोटरी क्लब, राजकृष्ण तन्खा फाउण्डेशन के सदस्य एवं निजी अस्पतालो के संचालक उपस्थित रहें।
