मुख्यमंत्री ने शहडोल को किया दरकिनार, भाजपा जनप्रतिनिधि बने मूकदर्शक

यह केवल कागजी घोषणाओं का बजट, युवाओं को नहीं मिलेगा रोजगार-अजय अवस्थी


Junaid khan - शहडोल। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर जिले की राजनीति गरमा गई है। जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के जिलाध्यक्ष अजय अवस्थी ने बजट पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे “दिशाहीन और जनविरोधी” करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के शहडोल दौरे के दौरान की गई बड़ी-बड़ी घोषणाएं बजट में पूरी तरह से गायब हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि शहडोल को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया है। अजय अवस्थी ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य और विकास की दृष्टि से पिछड़े शहडोल जिले को इस बजट से भारी उम्मीदें थीं, लेकिन सरकार ने जिले के साथ सौतेला व्यवहार किया है। न तो किसी बड़े उद्योग की ठोस घोषणा की गई है और न ही युवाओं के लिए रोजगार सृजन को लेकर कोई स्पष्ट वित्तीय प्रावधान रखा गया है। उन्होंने कहा कि बिना बजटीय प्रावधान के उद्योग और रोजगार की बात करना जनता को भ्रमित करने जैसा है। उन्होंने भाजपा के स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने जिले के हितों की रक्षा करने में पूरी तरह असफल रहे हैं और केवल दर्शक बने हुए हैं। यदि जनप्रतिनिधि गंभीर होते तो शहडोल को बजट में विशेष पैकेज या विकास योजनाओं की सौगात अवश्य मिलती। अवस्थी ने आगे कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा है। किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और लघु उद्योगों को प्रोत्साहन देने जैसे मुद्दों पर सरकार ने कोई ठोस रोडमैप प्रस्तुत नहीं किया। शहडोल जैसे आदिवासी अंचल के लिए विशेष विकास योजना का अभाव सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और कागजी घोषणाओं तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। “प्रदेश का यह बजट हकीकत से कोसों दूर है और आमजन की मूल समस्याओं को नजरअंदाज करता है,” उन्होंने कहा। जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया है कि इस जनविरोधी बजट के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से हर स्तर पर विरोध दर्ज कराएगी और जनता के हक की लड़ाई जारी रखेगी। आने वाले समय में प्रदेश की जनता इस खोखले बजट का जवाब देगी। उक्त जानकारी जिला कांग्रेस कमेटी शहडोल के मुख्य प्रवक्ता पीयूष शुक्ला द्वारा प्रदान की गई।

Previous Post Next Post